राजकीय अमृतकौर अस्पताल में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र शुरू होने जा रहा है, जहां मरीजों को बाजार की तुलना में 50 से 70 प्रतिशत तक कम कीमत पर गुणवत्तापूर्ण जेनेरिक दवाइयां मिल सकेंगी। इससे खासकर गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों का इलाज का खर्च काफी कम होगा। केंद्र सरकार की बजट घोषणा में शुरू होने वाले इस जन औषधि केंद्र की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। सहकारी उपभोक्ता भंडार की ओर से अस्पताल परिसर में स्थान तय कर लिया गया है। केंद्र शुरू होने के बाद मरीजों को अस्पताल से बाहर दवाइयां खरीदने की जरूरत भी काफी हद तक कम हो जाएगी। जन औषधि केंद्र पर हृदय रोग, कैंसर, मधुमेह और उच्च रक्तचाप जैसी गंभीर बीमारियों की जेनेरिक दवाइयां भी किफायती दरों पर उपलब्ध रहेंगी। एंटीबायोटिक्स, दर्द निवारक दवाइयां, मौसमी बीमारियों की दवाएं, इंजेक्शन और सर्जिकल सामग्री भी मिलेगी।