समेकित बाल विकास सेवा (आईसीडीएस) और रॉकेट लर्निंग संस्था के संयुक्त तत्वावधान में जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों पर प्रवेशोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसी कड़ी में, गुड़ला थर्ड आंगनबाड़ी केंद्र पर नए बच्चों का पारंपरिक तिलक लगाकर स्वागत किया गया। इस कार्यक्रम में बच्चों और उनके अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान सीडीपीओ सत्य विकास शुक्ला ने नवप्रवेशी बच्चों का स्वागत किया। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्र भेजने का आग्रह करते हुए कहा कि प्रारंभिक बाल शिक्षा बच्चों के शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास की मजबूत नींव रखती है। महिला पर्यवेक्षक नूतन कौशिक ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर प्रदान की जाने वाली शाला पूर्व शिक्षा बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और उन्हें शुरुआती शिक्षा से जोड़ने पर विशेष बल दिया। इस कार्यक्रम में खिलौना बैंक पहल के तहत बच्चों को विभिन्न शिक्षाप्रद खिलौने उपलब्ध कराए गए। इसका उद्देश्य बच्चों को खेल-खेल में सीखने की प्रक्रिया से जोड़ना और उनकी सीखने में रुचि बढ़ाना था। रॉकेट लर्निंग संस्था के जिला समन्वयक अभिषेक गुजराती ने 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए खेल-आधारित शिक्षण पद्धति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि खेल के माध्यम से सीखने से बच्चों का बौद्धिक, सामाजिक और भावनात्मक विकास अधिक प्रभावी ढंग से होता है, जिससे उनमें सीखने की स्वाभाविक रुचि विकसित होती है।