नेशनल हाईवे 911 पर भौमिक सिटी के सामने स्थित चाय के खोखे में एक व्यक्ति का खून से सना शव मिला। मृतक की पहचान खोखे के मालिक पाली राम (65) के रूप में हुई है। शुक्रवार सुबह करीब 4:30 बजे पुलिस को सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है और एफएसएल टीम जांच में जुटी है। मामला श्रीगंगानगर जिले के अनूपगढ़ थाना क्षेत्र का है। घटना का पता तब चला जब अलसुबह एक मजदूर ने शव देखा और मृतक के बहनोई को सूचना दी। इसके बाद बहनोई ने पुलिस को जानकारी दी। एसएचओ ईश्वर जांगिड़ ने बताया कि मृतक पाली राम के सिर पर गहरे चोट के निशान मिले हैं। जिस बिस्तर पर वह सो रहा था, वह पूरी तरह खून से सना हुआ था और जमीन पर भी खून पड़ा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सरकारी अस्पताल की मोर्च्युरी में रखवाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। पुलिस ने मृतक के बेटों को भी सूचना दे दी है। तीन साल से बहन के यहां रह रहा था मृतक मृतक के बहनोई साधुराम ने बताया कि पालीराम मूल रूप से अनूपगढ़ के गांव बांडा कॉलोनी के निवासी थे। मृतक पालीराम का अपनी पत्नी के साथ मनमुटाव था। इसलिए वह पिछले तीन सालों से अनूपगढ़ में अपनी बहन के पास रह रहे थे और चाय का खोखा चलाकर गुजारा करते थे। दिन में काम करने के बाद रात में वह इसी खोखे में सो जाते थे। एसएचओ ने बताया कि फिलहाल पालीराम की मौत के कारणों का पता नहीं लग पाया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मामले की जांच जारी है। मौके पर एसपी हरिशंकर, एडिशनल एसपी रामेश्वर लाल , एस एच ओ ईश्वर जांगिड़ और FSL की टीम सहित पुलिस जाब्ता मौजूद है।