नागौर. मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपते संघ के सदस्य। भास्कर न्यूज़ । नागौर राजस्थान प्रदेश सफाई मजदूर संघ ने मुख्यमंत्री और नागौर जिला प्रशासन को भेजे ज्ञापन में सफाई कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए पांच सूत्रीय मांगें रखी। जिलाध्यक्ष नरेन्द्र सियोता ने कहा कि राज्य में जनसंख्या के आधार पर 75,000 सफाई कर्मचारियों की भर्ती की जाए और पूर्व व वर्तमान ठेका श्रमिकों को नई भर्ती में प्राथमिकता मिले। ज्ञापन में 2012 और 2018 के कोर्ट-प्रकरण वाले अभ्यर्थियों को पहले नियुक्ति देने तथा भर्ती में एक वर्ष कुशल और एक वर्ष अकुशल सेवा मानकर दो वर्ष बाद स्थायी करने की मांग भी शामिल है। नगर अध्यक्ष मुकेश तेजस्वी ने आरोप लगाया कि 2018 की भर्ती में गैर वाल्मिकी समुदाय के कुछ लोग नियुक्ति के बाद सफाई कार्य के बजाय अन्य काम कर रहे हैं, जिससे व्यवस्था प्रभावित हुई। उन्होंने कहा, “उच्च न्यायालय और सरकार के आदेशों का पालन कराया जाए और ऐसे कर्मियों को मूल पद पर लगाया जाए।