टोंक| सोशल मीडिया पर हथियार या हथियार जैसी दिखने वाली वस्तुओं के साथ फोटो और रील पोस्ट करने के बढ़ते मामलों पर टोंक पुलिस ने निगरानी तेज कर दी है। पुलिस का कहना है कि ऐसे वीडियो से लोगों में डर फैल सकता है और कानून-व्यवस्था पर असर पड़ सकता है। बरोनी थाना पुलिस ने इंस्टाग्राम पर पिस्टल जैसी दिखने वाली वस्तु लहराते हुए वीडियो पोस्ट करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। एसपी रोशन मीणा के अनुसार तकनीकी संसाधनों से सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान यह वीडियो सामने आया। वीडियो में युवक के हाथ में पिस्टल जैसी वस्तु दिख रही थी, जिसे देखने वालों को असली हथियार होने का भ्रम हो सकता था। थाना प्रभारी नारायण लाल ने बताया कि जांच में युवक की पहचान सोहेला निवासी धारासिंह गुर्जर के रूप में हुई। पूछताछ में युवक ने कहा कि वह असली पिस्टल नहीं थी, बल्कि सिगरेट और बीड़ी जलाने वाला पिस्टल नुमा लाइटर था। पुलिस ने इसे सार्वजनिक शांति के लिए नुकसानदेह सामग्री मानते हुए कार्रवाई की। एसपी रोशन मीणा ने कहा कि हथियार या हथियारनुमा वस्तुओं के साथ फोटो, रील या वीडियो पोस्ट करने वालों पर लगातार तकनीकी निगरानी रखी जा रही है। दहशत फैलाने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने युवाओं से ऐसी गतिविधियों से बचने की अपील की है।