प्रतापगढ़ पुलिस ने 'ऑपरेशन त्रिनेत्र' के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 किलो 750 ग्राम अवैध गांजा तस्करी के एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जौधा और पुलिस उप अधीक्षक चंद्रशेखर पालीवाल के मार्गदर्शन में अरनोद थानाधिकारी शिवलाल मीणा के नेतृत्व में की गई। यह घटना 25 मार्च 2026 की है, जब अरनोद थाना पुलिस रामपुरिया घाटे में नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान रामपुरिया की ओर से एक बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर बाइक आई, जिसके पीछे एक सफेद कट्टा बंधा हुआ था। बाइक चालक पुलिस को देखकर वाहन छोड़कर जंगल में भाग गया। पुलिस टीम ने कट्टे की जांच की तो उसमें 4 किलो 750 ग्राम अवैध गांजा मिला, जिसे जब्त कर लिया गया। अरनोद थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। इसमें शंकरलाल पिता रंगजी मीणा, निवासी महुड़ी सोडलपुर, पुलिस थाना पीपलखूंट, जिला प्रतापगढ़ को नामजद किया गया था। पुलिस तभी से उसकी तलाश कर रही थी। पुलिस ने वांछित आरोपी शंकरलाल मीणा को कल देर शाम को सोडलपुर, पुलिस थाना पीपलखूंट से गिरफ्तार किया। पुलिस अब जब्त किए गए अवैध गांजे की खरीद-फरोख्त के संबंध में आगे की जांच कर रही है।