उदयपुर के हाथीपोल चौराहा स्थित अरवाना मॉल में एक महिला दुकानदार के यहां बिजली विभाग द्वारा बिजली कनेक्शन लगाने पर माहौल गरमा गया। मॉल प्रबंधन ने मॉल को निजी प्रॉपर्टी बताते हुए मॉल परिसर में बिजली मीटर लगाने का विरोध किया। इस पर महिला दुकानदार मदीना अली से उसकी जोरदार बहस हो गई। हंगामा बढ़ा तो हाथीपोल थानाधिकारी राजू देवी जाब्ते के साथ मौके पर पहुंची और मामले को शांत कराने की कोशिश की। मॉल मालिक ने कहा- मॉल हमारी निजी प्रॉपर्टी है, इसलिए परिसर में किसी तरह की तोड़-फोड़ नहीं करने देंगे। ऐसे में बिजली विभाग ने मॉल के सामने रोड किनारे ही एक खंभे पर मीटर लगा दिया, लेकिन फर्स्ट फ्लोर स्थित दुकान पर कनेक्शन चालू नहीं किया जा सका। दुकानदार मदीना अली ने कहा- कोर्ट के आदेश के बावजूद मुझे बिजली कनेक्शन नहीं लेने दिया गया। कोर्ट के आदेश पर हमने मीटर लगा दिया: एईएन मामले में एईएन जिनेश जैन ने कहा- कोर्ट ने हमें मीटर लगाने की वै​​कल्पिक व्यवस्था करने के आदेश दिए थे। मॉल मालिक ने मॉल में मीटर लगाने की अनुमति नहीं दी। इसलिए हमने मॉल के बाहर खंभे पर मीटर लगा दिया। जहां से महिला दुकानदार अपनी दुकान तक वायर जोड़कर कनेक्शन ले सकती हैं। अतिरिक्त डीजी चार्ज वसूला तो नया कनेक्शन लगवाया: दुकानदार दुकानदार मदीना अली ने बताया- मॉल में फर्स्ट फ्लोर पर मैंने 101 नंबर की शॉप युसुफ मोटागामवाला से किराए पर ली है। कई महीनों से मॉल प्रबंधन को प्री-पेड बिजली कनेक्शन का भुगतान कर रही हूं। इसमें मुझसे अतिरिक्त डीजी चार्जेज वसूला जा रहा था। इस पर आपत्ति की तो मॉल प्रबंधन ने 8 महीने पहले प्री-पेड कनेक्शन बंद कर दिया। इसके बाद मैंने स्वतंत्र बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन किया तो पहले विभाग ने कनेक्शन देने से मना किया। इसके बाद मुझे मजबूरन उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम में जाना पड़ा। जहां से 13 अगस्त को मेरे पक्ष में निर्णय देते हुए बिजली कनेक्शन जारी करने के निर्देश दिए। इसके बावजूद मॉल प्रबंधन ने ट्रांसफार्मर का ताला नहीं खोला।