झालावाड़ के असनावर उपखंड क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को तहसीलदार रतनलाल भील को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में खरीफ 2025 फसल का मुआवजा और बीमा क्लेम जल्द जारी करने, लगातार हो रही बिजली कटौती पर रोक लगाने तथा बिजली विभाग की ओर से जारी सिक्योरिटी (प्रतिभूति) राशि के नोटिस वापस लेने की मांग की गई। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निकाला मार्च कांग्रेस नेता नेमीचंद मीणा के नेतृत्व में मनोहरथाना विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ता पहले चौकी वाले हनुमान मंदिर परिसर में एकत्रित हुए। यहां प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने के बाद वे रैली के रूप में तहसील कार्यालय पहुंचे और तहसीलदार रतनलाल भील को ज्ञापन सौंपा। किसानों को मुआवजा और बीमा क्लेम देने की मांग जिला कांग्रेस सेवादल यंग ब्रिगेड के अध्यक्ष नईम पठान ने बताया कि खरीफ 2025 की फसल का बीमा क्लेम और मुआवजा अब तक किसानों को नहीं मिला है। इससे किसानों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में किसानों को शीघ्र राहत राशि उपलब्ध कराने की मांग की गई। बिजली कटौती और सिक्योरिटी नोटिस पर जताई नाराजगी ज्ञापन में असनावर कस्बे और पूरे मनोहरथाना विधानसभा क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती पर भी आपत्ति जताई गई। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि लोड सेटिंग के नाम पर की जा रही कटौती से आमजन और ग्रामीण परेशान हैं। साथ ही बिजली विभाग द्वारा उपभोक्ताओं को प्रतिभूति (सिक्योरिटी) राशि जमा कराने के लिए भेजे जा रहे नोटिस तत्काल वापस लेने की भी मांग की गई। समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन होगा कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसानों और आमजन से जुड़े इन मुद्दों का जल्द समाधान नहीं किया गया तो कार्यकर्ता उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे। ये रहे मौजूद इस दौरान मंडल अध्यक्ष बद्रीलाल पाटीदार, पूर्व प्रधान भवानी सिंह गुर्जर, जिला महासचिव कमलेश गुर्जर, जिला उपाध्यक्ष बालकिशन यादव, जनपद सदस्य रामप्रसाद राठौर, जिला परिषद प्रत्याशी राजेश दलोदिया, रमेशचंद्र मेघवाल, रामस्वरूप मेघवाल, भरत लोधा, देवीलाल मेघवाल, भेरूलाल बेरवा, सुरेश कुमार टेलर, रघुवीर सिंह, हुकमचंद यादव, मांगीलाल मेघवाल, देवीलाल गुर्जर, दुर्गेश मीणा, लक्ष्मीनारायण पाटीदार, चतरु राठौर, भगवान सिंह गुर्जर, हरिमोहन मीणा, दुर्गालाल मीणा, मांगीलाल सुमन, प्रकाशचंद पाटीदार, रमेशचंद पुरोहित, रामलाल मेघवाल, हरिमोहन यादव, रिंकू भील सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।