पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा- अगर ढंग से मैनजमेंट नहीं हुआ तो आगे भी पेपरलीक होंगे। अभी पेपरलीक इसलिए नहीं हो रहे हैं, क्योंकि हमने कानून पास किया, हमने प्रोसेस को बदला था। यह उसका असर है। गहलोत ने कहा कि यह तो रुकना ही था। ये क्या श्रेय ले रहे हैं उसका? इन्होंने क्या किया? ओएमआर शीट घोटाले में जो पकड़े गए, उन आरोपियों की जमानत हो गई, इन्होंने कुछ किया नहीं। गहलोत जयपुर में सिविल लाइंस बंगले पर मीडिया से बातचीत कर रहे थे। नकल पर लोकसभा में पास बिल पर गहलोत ने कहा- विपक्षी दलों से सलाह करके बिल लाते तो ठीक रहता। नकल पर सजा बढ़ा दी है। हमारी सरकार ने राजस्थान में नकल के खिलाफ कानून बनाया उसमें आजीवन कारावास की सजा है, नकल माफिया की प्रॉपर्टी सीज करना और 10 करोड़ जुर्माने का प्रावधान पहले से कर रखा है, सब कुछ कर रखा है हमने। इस बात में दम हैं कि सजा मिलना एक बात है, और अगर मैनेजमेंट ढंग से नहीं होगा तो पेपरलीक बाद में होंगे। सजा का तो आप जानते हैं, कानून तो चोरी के खिलाफ भी बने हुए हैं, लेकिन चोरियां होती हैं। गहलोत ने अगले चुनाव में कांग्रेस सरकार बनने का दावा किया गहलोत ने अगले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सरकार बनने का दावा करते हुए राज्य सरकार पर तंज कसा। उन्होंने कहा- अगली बार तो हमारा आना निश्चित है, सरकार कांग्रेस की बनेगी हम जानते हैं, लेकिन पांच साल जनता के काम तो हों, इस​लिए हम चाहते हैं कि आप सुशासन दीजिए। उन्होंने कहा- राजस्थान में जिस तरह सरकार चल रही है उसकी चर्चा हर घर में, हर गांव में है। अब चर्चा निगेटिव है या पॉजिटिव यह मुख्यमंत्री को पता लगवाना चाहिए। कुशासन की ऐसी ही हालत बनी रही तो नुकसान जनता को है। हम चाहते हैं आप सुशासन दीजिए। 5 साल राज करो, हमें ऐतराज नहीं है। सुशासन दोगे तो हमारा इंट्रेस्ट आपकी सरकार में नहीं है। राहुल गांधी जब भी बोलते हैं उनका बार बार माइक बंद होता है गहलोत ने कहा- राहुल गांधी जब भी लोकसभा में बोलते हैं तो ये हमेशा माइक बंद कर देते हैं। स्पीकर कहते हैं उनके हाथ में बटन नहीं है, भले उनके हाथ में बटन नहीं है लेकिन उनकी देखरेख में ही हाउस का संचालन होता है। आप माइक संचालन करने वाले ​अफसरों को जो ब्रीफ करोगे, जो इशारा करोगे तो ही माइक बंद करते हैं। माइक बंद करने का बटन भले उनकी टेबल पर नहीं हो लेकिन होता सब कुछ उनके इशारों से है। यह सच है कि राहुल गांधी का माइक बंद होता है। स्पीकर अब कह रहे हैं उनके हाथ में बटन नहीं है। ये खबर भी पढ़ें ज्योति मिर्धा बोलीं-बंद कमरे में नेताओं के पैर छूते बेनीवाल:गिद्ध राजनीति करते हैं, नकारात्मक माहौल को भुनाते; उनकी बात को मैं सीरियसली नहीं लेती भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. ज्योति मिर्धा ने कहा- हनुमान बेनीवाल अलग तरीके के राजनीतिज्ञ हैं, जो सिर्फ गिद्ध टाइप की राजनीति करते हैं। जहां कहीं भी नेगेटिव सेंटिमेंट दिखता है, उसे भुनाने का प्रयास करते हैं। जहां इनको जरूरत पड़ती है, बंद कमरे में जाकर नेताओं के पैर छू लेते हैं। उनकी बात को मैं बहुत सीरियसली नहीं लेती। (पूरी खबर पढ़ें)