भास्कर न्यूज | टोंक श्री चंद्रप्रभ दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र, मेहंदवास में रविवार सुबह चातुर्मास के लिए गणिनी आर्यिका 105 श्री कनकश्री माताजी ससंघ का प्रवेश हुआ। तपोनिधि आचार्य 108 श्री पदम नंदी महाराज से दीक्षित व आचार्य इंद्र नंदी महाराज के संघ की गणिनी आर्यिका कनकश्री माताजी के आगमन से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। क्षेत्र पर विराजमान आचार्य कीर्ति सागर महाराज के साथ आर्यिका संघ का आत्मीय व श्रद्धापूर्ण मिलन हुआ। फिर श्रद्धालुओं ने आर्यिका संघ का विधिवत पाद-प्रक्षालन कर मंगल आरती की। मंगल प्रवेश शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने मार्ग भर अपने-अपने घरों के बाहर आकर्षक रंगोलियां सजाकर व पुष्पवर्षा कर संघ का अभिनंदन किया। मंदिर में प्रवेश के बाद कनकश्री माताजी के सानिध्य में शांतिधारा हुई। इस दौरान माताजी ने धर्म, संयम और आत्मकल्याण का संदेश दिया। बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने प्रवचनों का श्रवण कर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त किया। इस दौरान श्री चंद्रप्रभ दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र प्रबंध समिति के अध्यक्ष कमलेश जैन, मंत्री वीरेंद्र जैन संघी, कोषाध्यक्ष नीरज जैन, श्यामलाल जैन (सीए), ज्ञानचंद जैन, अरविंद जैन, प्रकाशचंद जैन, विमल, डालचंद, पारस जैन, कन्हैयालाल जैन, महावीर प्रसाद जैन (हाड़ीगांव), मुकेश जैन सहित अन्य श्रद्धालु एवं धर्मावलंबी उपस्थित रहे।