कोटा में तेज रफ्तार कार ने पीछे से स्कूल ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो उछलकर सड़क किनारे बने नाले में जा गिरा, जिसमें 5 बच्चे सवार थे। एक सिक्योरिटी गार्ड भी इसकी चपेट में आ गया। मौके से गुजर रहे राहगीरों ने नाले से बच्चों और ड्राइवर को सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं कार चालक भाग गया। हादसा उद्योग नगर थाना क्षेत्र का है। थाना अधिकारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि ऑटो कंसुआ इलाके के एक निजी स्कूल का था। ऑटो में पांच छोटे बच्चे सवार थे। बच्चों को हल्की चोट आई थीं, जिनका निजी हॉस्पिटल में प्राथमिक इलाज करवाकर घर भेजा गया। वहीं ऑटो ड्राइवर साजिद हॉस्पिटल भर्ती है। आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर चालक की पहचान की जाएगी। उसके खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। कार ने पीछे से मारी टक्कर सिक्योरिटी गार्ड ने बताया कि वह जेके फैक्ट्री के गेट पर ड्यूटी कर रहा था। तभी शिवाजी पार्क के सामने तेज रफ्तार कार ने पीछे से ऑटो को टक्कर मारी, जिससे ऑटो नाले में गिर गया और बच्चे घायल हो गए। राहगीर गट्टू ने बताया कि वह मौके से गुजर रहा था। तुरंत बच्चों को बाहर निकालने में मदद की। एक बच्ची के सिर में चोट आई थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। कॉन्स्टेबल राकेश ने बताया कि जब वह पहुंचे, तब तक कुछ बच्चों को बाहर निकाला जा चुका था, जबकि एक बच्चे को उन्होंने खुद बाहर निकाला। पुलिस ने जेसीबी की मदद से ऑटो को नाले से बाहर निकलवाया।