भास्कर न्यूज | टोंक शहर में यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से पुलिस लाइन में ऑटो व ई-रिक्शा चालक-परिचालकों की बैठक आयोजित हुई। जिसमें पुलिस अधिकारियों ने यातायात नियमों की पालना, सड़क सुरक्षा और आमजन के प्रति जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। वृत्ताधिकारी मृत्युंजय मिश्रा ने कहा कि ऑटो व ई-रिक्शा चालक शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। चालकों के लिए यूनिफॉर्म व हर वाहन पर पहचान (फोल्डर) कार्ड लगाने की व्यवस्था शुरू की गई है। इससे यदि किसी यात्री का सामान वाहन में छूट जाए तो वाहन नंबर के आधार पर पुलिस या यूनियन से संपर्क कर उसे आसानी से वापस दिलाया जा सकेगा। चालकों को यातायात नियमों का पालना करते हुए निर्धारित स्थानों पर ही वाहन खड़े करने चाहिए। साथ ही सड़क दुर्घटना या किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। यदि किसी यात्री का सामान वाहन में रह जाए तो उसे सुरक्षित लौटाने में भी सहयोग करें। यातायात प्रभारी सीआई गोविंद सिंह ने कहा कि सवारी को हमेशा सुरक्षित स्थान पर उतारें और रात के समय सभी वाहन चालक अपनी गाड़ियों में बेहतर गुणवत्ता की लाइटें लगाएं, ताकि सड़क पर वाहन स्पष्ट दिखाई दें और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो। इस दौरान श्री व्यापार महासंघ अध्यक्ष मनीष बंसल, महामंत्री आनंद बम, राष्ट्रवादी ऑटो ई-रिक्शा यूनियन के संस्थापक संयोजक मोहम्मद अजमल, आरआई बृजमोहन देवराज, आरटीओ हेमंत सैनी, पुरानी टोंक थाना प्रभारी सीआई राजेंद्र के अलावा यूनियन के सहसंयोजक यासीन अली, अध्यक्ष माबूद देशवाली सहित यूनियन पदाधिकारी और बड़ी संख्या ऑटो व ई-रिक्शा चालक-परिचालक उपस्थित रहे।