कोटपूतली क्षेत्र के पावटा स्थित बड़नगर की सारणों की ढाणी में गृह प्रवेश से पहले एक सूने मकान में लाखों की चोरी हो गई। अज्ञात चोर लाखों रुपए की नकदी और सोने-चांदी के गहने लेकर फरार हो गए। चोरों ने घर में घुसने के लिए रसोई में लगी चिमनी का सहारा लिया। उन्होंने बड़ी सफाई से घर में प्रवेश किया और अलमारियों व संदूकों को खंगालकर कीमती सामान चुरा लिया। बेटे के साथ शादी में गया था मकान मालिक घटना के समय मकान मालिक राजू सारण अपने बेटे के साथ एक शादी में गए हुए थे। उनकी पत्नी मीना देवी भी पास के मंदिर में दिया बत्ती करने के बाद एक अन्य शादी में शामिल होने गई थीं, जिससे मकान सूना था। घर के अंदर बिखरा मिला सामान रात करीब 10 बजे मीना देवी जब घर लौटीं, तो उन्होंने बिजली कटी हुई पाई। उन्होंने अपने जेठ व जेठानी को बुलाया। अंदर जाने पर दरवाजे खुले और सामान बिखरा हुआ मिला। नगदी व गहने गायब मिलने पर तुरंत प्रागपुरा थाना पुलिस को सूचना दी गई। जल्द चोरी के खुलासे का दिया आश्वासन सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। प्रागपुरा थाना प्रभारी भजनाराम ने एफएसएल, एमओबी और बीटीएस टीमों को बुलाकर साक्ष्य जुटाए। थाना प्रभारी ने जल्द ही चोरी की वारदात का खुलासा करने का आश्वासन दिया है। स्थानीय लोगों ने जताया रोष इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी रोष है। उनका कहना है कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातों से आमजन में भय का माहौल है और पुलिस की गश्त व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।