उदयपुर के बाघपुरा थाना क्षेत्र में डबल मर्डर मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए घटना में उपयोग ली बाइक भी बरामद की है। इससे पहले इस मामले में 7 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं और 3 नाबालिगों को डिटेन किया जा चुका है। थानाधिकारी वेलाराम ने बताया कि आरोपी दिनेश पुत्र धन्ना निवासी पालियाखेड़ा बाघपुरा और पुष्कर उर्फ टस्कर पुत्र मांगीलाल निवासी सेलाणा निचला फलां को गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी ने बताया कि रोड पर साइड में चलने की बात को लेकर दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ था। आरोपी नशे की हालत में थे। उन्होंने चाकू और शराब की बोतल से भैरूलाल, सुखलाल उर्फ सुरेश और सुमित पर वार कर घायल कर दिया था। जिसके बाद सुखलाल और भैरूलाल की मौत हो गई थी। चाकू और बोतल से छाती-पेट पर किया था वार पुलिस ने बताया कि 14 मार्च को शिकायतकर्ता आशीष ने थाने में रिपोर्ट दी थी। इसमें बताया कि उसे अपनी पत्नी अनीता के घर सेलाणा गांव जाना था। वह अपने बुआं के लड़के भैरूलाल व दोस्त सुखलाल उर्फ सुरेश के साथ बाइक से सेलाणा के लिए निकला। रात 9 बजे सेलाणा घाटी फला स्कूल के पास सामने की तरफ से 6 से 7 बाइक आती दिखी। जिन पर 10 से 12 युवक सवार थे। सभी नशे में थे। उनमें से एक-दो युवक ने हमें टोकते हुए कहा कि साइड में नहीं चल सकते हो क्या। इस पर हमने कहा कि हम साइड में ही हैं, इतने में आरोपी लक्ष्मण ने सुरेश उर्फ सुखलाल के सीने में चाकू मार दिया। तलवार लेकर पीछे दौड़े थे बदमाश वह बाइक से नीचे गिर गया। हमारे साथ भी मारपीट शुरू कर दी। उनमें से एक आरोपी प्रभु के हाथ में बीयर की बोतल थी। जिसे वही फोड़कर भैरूलाल के पेट में मार दी। जान बचाकर मैं भागा तो मुझे मारने के लिए एक युवक तलवार लेकर पीछे दौड़ा। मैंने पीछे मुड़कर देखा तो सुखलाल उर्फ सुरेश को मनीष नाम का युवक तलवार मार रहा था। मारपीट की आवाज सुनकर सुमित आया तो उसके साथ भी मारपीट की गई। मैं मौके से अपनी जान बचाकर वहां से भागा और पुलिस को सूचना दी।