बालोतरा में बुधवार को राष्ट्रीय पशुपालक संघ, डीएनटी संघर्ष समिति और मूल ओबीसी महापंचायत के संयुक्त तत्वावधान में 'जेल भरो आंदोलन' आयोजित किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों ने रैली निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। भीषण गर्मी और 46 डिग्री सेल्सियस तापमान के बावजूद, प्रदर्शनकारियों ने लगभग 6 किलोमीटर लंबी रैली निकाली और अपना विरोध दर्ज कराया। शहर के देवासी समाज भवन से कलेक्ट्रेट तक रैली निकाली गई। इस दौरान मुख्यमंत्री का पुतला जलाकर भी आक्रोश व्यक्त किया गया। 11 सूत्री मांगों का पूरा कराना उद्देश्य डीएनटी संघर्ष समिति के अध्यक्ष लालजी राईका ने बताया कि आंदोलन का मुख्य उद्देश्य डीएनटी समाज की 11 सूत्रीय मांगों को पूरा करवाना है। इनमें डीएनटी समाज को अलग से 10 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग प्रमुख है, जिसकी सिफारिश रेनके और इदाते आयोग पहले ही कर चुके हैं। सुप्रीम कोर्ट ने भी आरक्षण के उपवर्गीकरण की बात कही है। दो सालों से चल रहा आंदोलन राईका ने आगे बताया कि आरक्षण के अलावा, राजनीतिक भागीदारी, आवास पट्टे, जमीन और शिक्षा से जुड़ी मांगें भी शामिल हैं। समिति के सह-अध्यक्ष रतन नाथ कालबेलिया ने जानकारी दी कि यह आंदोलन पिछले दो वर्षों से चल रहा है। आश्वासन के पांच महीने बाद भी समाधान नहीं उन्होंने बताया बालराई (पाली) में हुए महापड़ाव के बाद सरकार ने वार्ता का आश्वासन दिया था, लेकिन पांच माह बीत जाने के बाद भी कोई समाधान नहीं निकला। उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलनकारियों पर मुकदमे दर्ज कर दमनकारी कार्रवाई की गई है। वरिष्ठ उपाध्यक्ष अशोक चौहान बावरी ने कहा कि आरक्षण का उपवर्गीकरण होने से सभी वंचित वर्गों को शिक्षा, रोजगार और राजनीति में समान अवसर मिल सकेंगे। आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी है कि यह अभियान अब हर जिले में पहुंचेगा और 1 जुलाई को जयपुर में 'महा-पड़ाव' के रूप में आयोजित किया जाएगा। इस आंदोलन में आरपीएस के राष्ट्रीय छात्र संघ अध्यक्ष ओम सिंह देवासी, आरपीएस छात्र संघ प्रदेशाध्यक्ष प्रेम देवासी, मांगीलाल सांसी, लुंबाराम देवासी, पुनमाराम देवासी, केसाराम देवासी, गोविंद देवासी, नाथू देवासी, पार्षद ओम देवासी, बालोतरा बाबरजी देवासी, समाजसेवी सिवाना जगदीश देवासी, चौथाराम देवासी, मरुधर देवासी समाज हुबली के उपाध्यक्ष सावलाराम करगटा सहित कई प्रमुख नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। देखें प्रदर्शन से जुड़े PHOTOS