बालोतरा में ANTF (एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स) और पुलिस से बचने के लिए भाग रहे शराब तस्करों की कार खेजड़ी के पेड़ से टकरा गई। तस्करों को पकड़ने के लिए टीम ने करीब 20 किलोमीटर तक पीछा किया। हादसे में एक तस्कर की मौत हो गई, जबकि दूसरे को पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस ने शराब से भरी क्षतिग्रस्त कार जब्त कर ली। कार पर केरल की नंबर प्लेट लगी थी, जबकि उसमें गुजरात की नंबर प्लेट भी मिली है। हादसा सोमवार दोपहर करीब 12 बजे गुड़ामालानी थाना क्षेत्र के आमलियाला-भैडाणा रोड पर हुआ। हादसे के बाद पोस्टमॉर्टम को लेकर सांचौर में पुलिस और परिजन आमने-सामने हो गए। बाद में परिजन शव को गुड़ामालानी ले आए और थाने पहुंचकर एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। पहले देखें… घटना जुड़ी PHOTOS बागोड़ा टोल से शुरू हुआ पीछा, तस्करों ने बदल लिया रास्ता जानकारी के अनुसार, एएनटीएफ टीम को वाटेरा टोल से शराब से भरी एक कार निकलने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही टीम ने कार का पीछा शुरू किया। एएनटीएफ और कार के बीच काफी दूरी थी। इसी दौरान गुड़ामालानी पुलिस को भी सूचना दी गई। पुलिस की भनक लगते ही तस्करों ने बीच रास्ते में लूणवा जागीर से टर्न लेकर आमलियाला होते हुए भैडाणा रोड की तरफ कार दौड़ा दी। सामने से पिकअप आने पर पेड़ से टकराई कार भागने के दौरान आमलियाला-भैडाणा रोड पर अचानक सामने से एक पिकअप गाड़ी आ गई। इससे कार बेकाबू होकर खेजड़ी के पेड़ से टकरा गई। टक्कर ड्राइवर साइड से होने के कारण कार पूरी तरह पिचक गई और उसके एयरबैग भी खुल गए। कार का गेट खुलने से शराब की बोतलें सड़क पर बिखर गईं। पुलिस के अनुसार कार से ऑल सीजंस ब्रांड की शराब बरामद हुई। इसमें 25 कट्टों में 100-100 पव्वे और 12 कार्टन में 48-48 पव्वे भरे हुए थे। कुल 377 पव्वे जब्त किए गए। हादसे के बाद पुलिस और एएनटीएफ की टीम मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल पुनेश (22) पुत्र लाधुराम निवासी रावली नाड़ी को प्राथमिक उपचार के बाद सांचौर रेफर किया गया, जहां उसकी मौत हो गई। एक तस्कर हिरासत में, एफएसएल टीम जुटाएगी सबूत एसपी रमेश ने बताया कि पुलिस ने प्रवीण (20) पुत्र मेघाराम निवासी नगर, रावली नाड़ी को हिरासत में लिया है। कार में भरी शराब बरामद कर वाहन को जब्त कर लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फायरिंग की कोई घटना नहीं हुई। कार पेड़ से टकराने के कारण हादसा हुआ। गुड़ामालानी थानाधिकारी सुरेंद्र कुमार ने बताया - मौके पर एफएसएल टीम बुलाकर साक्ष्य जुटाए जाएंगे। परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर पूरे घटनाक्रम और इसमें किसकी क्या संलिप्तता है, इसकी जांच की जाएगी। साथ ही मृतक के आपराधिक रिकॉर्ड की भी संबंधित थाने से जानकारी जुटाई जा रही है।
सांचौर में पोस्टमॉर्टम को लेकर पुलिस और परिजन आमने-सामने हादसे में घायल पुनेश की सांचौर के एक निजी अस्पताल में मौत के बाद नया विवाद खड़ा हो गया। परिजन शव को पोस्टमॉर्टम के लिए गुड़ामालानी ले जाना चाहते थे, जबकि पुलिस सांचौर में ही पोस्टमॉर्टम करवाने पर अड़ी रही। इस दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए और पुलिस व परिजनों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। बाद में परिजन एम्बुलेंस में शव लेकर गुड़ामालानी पहुंच गए। परिजनों ने बोलेरो से टक्कर मारने का लगाया आरोप मृतक के काकाई भाई रमेश ने आरोप लगाया कि पुनेश पुत्र लाधुराम और प्रवीण पुत्र मेघाराम बागोड़ा से कार लेकर अपने गांव नगर, रावली नाड़ी लौट रहे थे। आमलियाला गांव के पास पीछे से आई बिना नंबर की बोलेरो ने उनकी कार को टक्कर मार दी, जिससे कार पेड़ से जा टकराई। उनका आरोप है कि बोलेरो में सवार लोगों ने करीब एक घंटे तक घायलों को कार से बाहर नहीं निकाला और इलाज में देरी होने के कारण पुनेश की मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।