हिमाचल प्रदेश के पठानकोट-चंबा नेशनल हाईवे पर बारिश के दौरान एक कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में आठ महीने का बच्चा और दो महिलाएं भी शामिल हैं। हादसे के बाद सभी शव कार में ही फंसे हुए थे। जानकारी के अनुसार, हादसा सोमवार देर रात हुआ। चंबा पुलिस को मंगलवार सुबह करीब पौने सात बजे दुर्घटना की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक कार सवार सभी लोगों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी के शवों को कड़ी मशक्कत के बाद पहले गाड़ी से बाहर निकाला और फिर खाई से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सभी मृतक चंबा जिला के भरमौर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत गैहरा के निवासी बताए जा रहे हैं। बच्चन सिंह के बेटे-बहू-भतीजी और पोते की मौत दुर्घटनाग्रस्त कार बच्चन सिंह की बताई जा रही है। हादसे में बच्चन सिंह, उनके बेटे रिपन, बहू रिंपी, भतीजी कीर्ति राणा और पोते की मौत हो गई। कीर्ति राणा चंडीगढ़ में निजी नौकरी करती थीं। कीर्ति के पिता का भी कुछ साल पहले सड़क हादसे में निधन हो गया था। पुलिस डिपार्टमेंट में तैनात जवान रिपन की मौत बच्चन सिंह का बेटा रिपन पुलिस विभाग में पौंग डैम में तैनात था। पुलिस में भर्ती होने से पहले रिपन ने कुछ समय तक होमगार्ड के रूप में भी सेवाएं दी थीं। रिपन का आठ महीने का बच्चा पिछले कुछ दिनों से बीमार था और पीजीआई चंडीगढ़ में उसके कान की सर्जरी होनी थी। परिवार के चार लोग बच्चे को इलाज के लिए पीजीआई चंडीगढ़ लेकर गए थे। हादसे के कारणों का नहीं चल पाया पता दुर्घटना के वास्तविक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। आज पोस्टमार्टम के बाद सभी शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। ग्राम पंचायत गैहरा की प्रधान इंदू ने हादसे की पुष्टि की है। घटना के बाद मृतकों के परिजनों और क्षेत्रवासियों में शोक की लहर है। प्रशासन की ओर से मृतकों की पहचान और अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। चंबा हादसे के PHOTOS…