बालोतरा जिला कलेक्टर सभागार में सोमवार को जनगणना 2027 के स्व-गणना अभियान में शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण करने वाले प्रगणकों और सुपरवाइजरों को सम्मानित किया गया। जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव ने उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके कार्य की सराहना की। कार्य प्रणाली पर की विस्तार से चर्चा इस अवसर पर आयोजित बैठक में जिला कलक्टर यादव ने प्रगणकों और सुपरवाइजरों से स्व-गणना पूर्ण करने में आने वाली चुनौतियों, प्रशिक्षण व्यवस्था और कार्यप्रणाली पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि जनगणना जैसे राष्ट्रीय कार्य में मैदानी स्तर पर कार्यरत कार्मिकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। स्व गणना के काम के बारे में बताया प्रगणकों और सुपरवाइजरों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि स्थानीय विद्यालयों के विद्यार्थियों, स्वयंसेवकों और नागरिकों के सहयोग से स्व-गणना कार्य सहजता से पूरा किया गया। उन्होंने आमजन को प्रक्रिया समझाने के साथ उनकी शंकाओं का समाधान भी किया, जिससे जनगणना के प्रति जागरूकता बढ़ी। जिम्मेदारी के साथ काम करने का आह्लान जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव ने जोर दिया कि जनगणना के आंकड़े भविष्य की योजनाओं और विकास कार्यों की आधारशिला होते हैं, इसलिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने सभी कार्मिकों से आगामी चरणों में भी इसी समर्पण और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारी, प्रगणक, सुपरवाइजर और अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।