राजस्थान अधिकारी कर्मचारी माइनॉरिटी एसोसिएशन (राकमा) की प्रदेश कार्यकारिणी में जालोर के रफीक शेख को प्रदेश सचिव और अमीन खान को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। इसकी जानकारी बालोतरा जिले की गढ़सिवाना तहसील स्थित हजरत बापू सुल्तान शाह जिलानी दंताला दरगाह में हुए सम्मान समारोह और जागरूकता कार्यक्रम के दौरान दी गई, जहां पदाधिकारियों और सदस्यों ने चादर पेश कर प्रदेश में सुख-शांति, भाईचारे और अमन-चैन की दुआ भी मांगी। जालोर के दो पदाधिकारियों को प्रदेश स्तर की जिम्मेदारी राकमा के जालोर जिला अध्यक्ष भंवरू खान पठान ने बताया कि राकमा के प्रदेशाध्यक्ष अतीक अहमद ने प्रदेश कार्यकारिणी का गठन किया है। इसमें जालोर जिले के मोहम्मद रफीक शेख (लेक्चरर) को प्रदेश सचिव और अमीन खान (नायब तहसीलदार) को सर्वसम्मति से प्रदेश उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया है। दोनों को संगठन को मजबूत करने और अल्पसंख्यक कर्मचारी व अधिकारियों के हितों से जुड़े कामों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कार्यक्रम में राकमा जालोर के जिला अध्यक्ष भंवरू खान पठान और उनकी टीम ने राजस्थान राज्य नर्सेज एसोसिएशन (एकीकृत) के जिला अध्यक्ष एवं सीनियर नर्सिंग ऑफिसर, जालोर मुस्ताक अली का साफा पहनाकर और माल्यार्पण कर सम्मान किया। वहीं मुस्ताक अली ने नवनियुक्त प्रदेश सचिव मोहम्मद रफीक शेख, अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी मोहम्मद रफीक और सहायक प्रशासनिक अधिकारी इमरान खान का साफा पहनाकर स्वागत और सम्मान किया। शिक्षा और कर्मचारी हितों पर हुई चर्चा कार्यक्रम में संगठन की ओर से शिक्षा, कर्मचारी हितों की सुरक्षा, सामाजिक एकता और समाज के उत्थान को लेकर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि राकमा अल्पसंख्यक समुदाय के सरकारी कर्मचारियों के हितों की रक्षा, शिक्षा के क्षेत्र में सुधार और सामाजिक जागरूकता के लिए लगातार काम कर रहा है।