बालोतरा जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में आखातीज के अवसर पर एक युवती के अपहरण के प्रयास मामले में पुलिस ने मास्टरमाइंड समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार- ढाणी सांखला के पूर्व सरपंच के भाई ने युवती से जबरन शादी करने की नीयत से यह साजिश रची थी। उसने इस काम के लिए मोटी सुपारी दी थी। बिना नंबर की स्कॉर्पियों में आए थे बदमाश यह घटना 1 अप्रैल की शाम की है, जब दो बिना नंबर की काली स्कॉर्पियो गाड़ियों में सवार होकर करीब 10 से 12 नकाबपोश बदमाश युवती के घर पहुंचे। उनके हाथों में पिस्टल, लाठी और डंडे थे। उस समय घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और रंग-रोगन का काम हो रहा था। बदमाशों ने घर में घुसकर युवती को जबरन उठाने का प्रयास किया, लेकिन परिजनों और वहां काम कर रहे श्रमिकों के विरोध करने पर वहां से भाग गए। भागते समय उन्होंने दहशत फैलाने के लिए फायरिंग करने की कोशिश की, लेकिन फायर मिस हो गया और पिस्टल की मैग्जीन घटनास्थल पर ही गिर गई। 4 आरोपी गिरफ्तार पुलिस ने मौके से मैग्जीन बरामद की और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करते हुए चेलाराम उर्फ सिकिया सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।