बालोतरा शहर के बाड़मेर कैलेंडर रोड पर सड़क के बीच नाली निर्माण का स्थानीय लोगों ने विरोध किया है। प्रजापत समाज के पास नगर परिषद द्वारा शुरू किए गए इस कार्य को लेकर मोहल्लेवासियों ने नाराजगी जताई है। उनका आरोप है कि यह निर्माण बिना उचित योजना के हो रहा है, जिससे भविष्य में गंभीर समस्याएं पैदा हो सकती हैं। जलभराव और गंदगी को लेकर जताई आशंका स्थानीय निवासी पुष्पराज ने बताया-पिछले लगभग 80 वर्षों से क्षेत्र में नाली के पानी की निकासी एक निर्धारित दिशा में होती रही है। अब नगर परिषद ने निकासी का मार्ग बदल दिया है और नई दिशा में नाली का निर्माण कर रही है। इससे पानी एक ही स्थान पर जमा होने की आशंका है, जिससे जलभराव, गंदगी और आवागमन में बाधा जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। मरीज और राहगीरों को मिलेगी सुविधा मोहल्ले के लोगों ने बताया- जिस जगह नाली बनाई जा रही है, उसके आसपास अस्पताल और विद्यालय स्थित हैं। सड़क के बीच नाली होने से मरीजों, विद्यार्थियों और राहगीरों को आवागमन में भारी कठिनाई का सामना करना पड़ेगा। विशेषकर स्कूली बच्चों और बुजुर्ग मरीजों के लिए यह मार्ग जोखिम भरा हो सकता है। आंदोलन की चेतावनी दी लोगों ने नगर परिषद प्रशासन से मांग की है कि पुराने निकासी मार्ग को बनाए रखा जाए और निर्माण कार्य क्षेत्र की जनता की राय लेकर ही किया जाए। विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करेंगे।