बालोतरा के समदड़ी रोड स्थित सर्व सुख धाम में श्री श्याम शरणम् सेवा समिति द्वारा बाबा खाटू श्याम जी के चलशीश का प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव संपन्न हुआ। ये आयोजन वैदिक मंत्रोच्चारण और विधि-विधान के साथ किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। समिति अध्यक्ष सुमित संचेती ने बताया- बालोतरा में बाबा खाटू श्याम, सालासर बालाजी और भगवान श्रीराम के मंदिरों का निर्माण कार्य जारी है। श्रद्धालुओं की लंबे समय से इच्छा थी कि बाबा खाटू श्याम का चलशीश बालोतरा में स्थापित हो, ताकि यहां आयोजित होने वाले कीर्तन और धार्मिक आयोजनों में बाबा श्याम का दरबार सज सके। इसी उद्देश्य से चलशीश की प्रतिष्ठा की गई। प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के दौरान पंडित निखिल अवस्थी, पंडित शिवप्रसाद दवे और पंडित प्रदीप दवे प्रखर ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न करवाए। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम के दर्शन कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। चलशीश प्रतिष्ठा महोत्सव के उपलक्ष्य में रात्रि में एक भव्य श्री श्याम कीर्तन का आयोजन किया गया। इस कीर्तन में स्थानीय भजन गायकों ने बाबा श्याम के भजनों की प्रस्तुतियां दीं, जिससे श्रद्धालु देर रात तक भक्तिमय माहौल में लीन रहे। कीर्तन में भजन गायक नंदलाल अग्रवाल, अशोक प्रजापत और विशाल दवे सहित अन्य कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम के जयकारों के साथ भजनों का आनंद लिया।