बालोतरा के राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में शुक्रवार को दो महिला टीचर्स के बीच हाथापाई हो गई। बच्चों को पढ़ाने की बात को लेकर टीचर ऊमादेवी और पुष्पा के बीच पहले कहासुनी हुई। बात बढ़ने पर दोनों के बीच स्कूल में हाथापाई शुरू हो गई। इस दौरान स्कूल में मौजूद पेरेंट्स र बच्चों ने उन्हें रोकने की कोशिश की। किसी ने घटना का वीडियो बना लिया। वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने जांच टीम गठित कर दी है। यह घटना कल्याणपुर ब्लॉक स्थित तिरसिगड़ी सोढ़ा की है। फोटोज में देखें… शिक्षण व्यवस्था को लेकर हुई बोलचाल, फिर हाथापाई मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को कल्याणपुर ब्लॉक के तिरसिगड़ी सोढ़ा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में शिक्षिका ऊमादेवी और पुष्पा के बीच बच्चों की शिक्षण व्यवस्था को लेकर बोलचाल हो गई। बातचीत बढ़ने के बाद दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। स्कूल में मौजूद पेरेंट्स ने दोनों को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान बच्चे भी टीचर्स के बीच हो रही हाथापाई को देखते रहे। अभिभावकों के बीच-बचाव के बाद मामला शांत हुआ। घटना के दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने दोनों टीचर्स की हाथापाई का वीडियो बना लिया। वीडियो शेयर होने के बाद मामला शिक्षा विभाग तक पहुंचा। वीडियो सामने आने के बाद विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के लिए टीम गठित की है। घटना के बाद सोशल मीडिया यूजर्स अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है। सोमवार को जांच रिपोर्ट आने की बात ब्लॉक शिक्षा अधिकारी बुद्धाराम चौधरी ने बताया कि शिक्षा के मंदिर में इस तरह की घटना होना निंदनीय है। वीडियो संज्ञान में आने के बाद जांच टीम गठित कर दी गई है। सोमवार को जांच रिपोर्ट आने के बाद 16 सीसी के तहत कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। स्कूल में पांच का स्टाफ, 200 बच्चे तिरसिगड़ी सोढ़ा के इस स्कूल में दोनों महिला शिक्षिकाओं सहित कुल पांच कर्मचारियों का स्टाफ है। स्कूल में करीब 200 बच्चे पढ़ने आते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षिकाओं के बीच इस तरह की घटना होने से स्कूल का माहौल प्रभावित होता है।