महाकुंभ के दौरान चर्चा में आई वायरल गर्ल ‘मोनालिसा’ शादी करने के बाद से दोबारा से सुर्खियों में हैं। पिछले दो दिन से सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल है जिसमें दावा किया जा रहा है कि उनका पति उन्हें ढूंढने राजस्थान पहुंचा है। दरअसल, वीडियो बनाने वाला शख्स, ‘वायरल गर्ल’ का पति फरमान खान नहीं है। वीडियो बनाने वाला राजस्थान के बालोतरा जिले का रहने वाला अरविंद कुमार जोशी है। सबसे पहले जानिए, इस वीडियों में क्या है? इस वीडियो में अरविंद कुमार जोशी, खुद को फरमान के तौर पर पेश करते हुए नजर आ रहा है। इस वीडियो में वो बोल रहा है कि, 'मैं अजमेर जिले के पुष्कर आया हुआ हूं, मैं उसे (वायरल गर्ल) ढूंढने आया हूं। उसका अजमेर में पता नहीं लग पाया। मैं जोधपुर जा रहा हूं। पता करेंगे। जोधपुर में हॉल्ट है तो आप किसी को पता चले तो मुझे बताएं। इस मामले में दैनिक भास्कर एप की टीम ने अरविंद कुमार जोशी से बात की- सवाल: आपने ऐसा वीडियो क्यों बनाया? अरविंद: खबरों में फरमान और वायरल गर्ल को लेकर चर्चाएं थी। मेरी शक्ल फरमान से मिलती है। लोगों ने कहा कि तू उसके जैसा दिखता है। सोचा एक-दो वीडियो बनाऊंगा तो वायरल हो जाऊंगा। बस उसी मकसद से वीडियो बनाया, कोई और इरादा नहीं था। वीडियो अपलोड करने के दो-चार घंटे तक अच्छा रिस्पॉन्स मिला, लेकिन बाद में कमेंट्स में धमकियां आने लगीं। सवाल: ये वीडियो आपने कब और क्यों बनाया ? अरविंद: 11 अप्रैल को पुष्कर स्थित ब्रह्माजी मंदिर के पास वीडियो बनाया। दरअसल, मैं एक कैब ड्राइव करता हूं। पर्यटकों को राजस्थान के फैमस प्लेस पर घूमाता हूं। उस दिन मैं कुछ सवारियों को लेकर अजमेर जिले के पुष्कर गया था। सवारी घूमने गई थी। मैं वहां अकेला खड़ा था। उसी दौरान में मैंने मनोरंज के लिए ये वीडियो शूट कर लिया। सवाल: वीडियो को कितने व्यू मिले। लोगों की क्या प्रतिक्रिया आ रही है? अरविंद: शुरुआत में मैंने वीडियो बना तो लिया था, लेकिन ये नहीं पता था कि इतना वायरल चला जाएगा। वीडियो अपलोड करते ही लोग इसे शेयर करने लगे। लोगों की प्रतिक्रिया आने लगी। अब उस वीडियो पर 11 मिलियन से ज्यादा व्यू आ चुके हैं। अब लोगों को जब सच्चाई पता चली कि मैं फरमान नहीं हूं तो लोग बोल रहे हैं कि मैं फरमान का ही आदमी हूं। उसने पैसे दिए हैं, जबकि ऐसा कुछ नहीं है। सवाल: क्या वीडियो बनाने का अफसोस है? अरविंद: मैंने सामान्य वीडियो बनाया था। आजकल हर कोई रोस्ट और कंटेंट बनाता है। मैंने सोचा मेरा चैनल भी मोनेटाइज हो जाएगा और वीडियो चल जाएगा। इसके अलावा मेरा किसी कोई गलत इरादा नहीं था। जानिए, कौन है वायरल गर्ल वायरल गर्ल प्रयागराज महाकुंभ 2025 में चर्चा में आई थी। 11 मार्च को केरल के फरमान से शादी करने के बाद वो फिर चर्चा में आई। इसके परिजनों ने दावा किया गया था कि वो नाबालिग है। अब बीते 9 अप्रैल को राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (NCST) ने बताया कि वो नाबालिग है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।