बालोतरा में युवक की संदिग्ध मौत मामले में परिजन और समाज के लोग लगातार दूसरे दिन भी धरने पर रहे। कई दौर की वार्ताओं के बाद प्रशासन ने 5 मांगों पर आश्वासन देने के बाद करीब 30 घंटे बाद गतिरोध टूट गया। आरोपियों की गिरफ्तारी, खातेदारी भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाने, संविदा पर बेटे को नौकरी देने के साथ पीड़ित परिवार को नियमानुसार सरकारी मदद दिलाने के आश्वासन पर सहमति बनी है। सोमवार को धोरीमन्ना एसडीएम बद्रीनारायण विश्नोई, गुड़ामालानी डीएसपी सुखराम विश्नोई, थानाधिकारी दीपसिंह धरना स्थल पर पहुंचे। वहां पर परिजनों और समाज के लोगों से वार्ता की गई। लेकिन परिजन अपनी मांगों पर अड़े रहे। कई दौर की वार्ता के बाद दोपहर बाद आश्वासन के बाद सहमति बन गई। एसडीएम बद्रीनारायण विश्नोई ने कहा- मृतक के परिजन और समाज के लोगों से वार्ता हुई है। इन्होंने जो भी हत्या के लिए एफआईआर दर्ज करवाई है उसमें नियमों के अनुसार जांच चल रही है। जो भी दोषी है उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पीड़ित परिवार को राजकीय नियमों के अनुसार आर्थिक सहायता दिलवाई जाएगी। दरअसल, कमलेश पुत्र रमेश कुमार सोनगरा ने धोरीमन्ना थाने में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि 4 जुलाई की रात करीब 9 बजे वह बाजार से अपने घर लौट रहा था। पड़ोसी पारस पुत्र राणाराम ने चारपाई बीच रास्ते में लगा दी। रास्ता रोक दिया। इस दौरान उसके पिता रमेश कुमार भी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। रास्ते में वाहन निकालने की बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के पहुंचने के बाद मामला शांत हो गया। दोनों पक्ष अपने-अपने घर चले गए। आरोप है कि इसके बाद पारस ने रमेश कुमार की बाइक में तोड़फोड़ कर दी। कमलेश का आरोप है कि 10 बजे के बाद जब उसके पिता रमेश घर के बाहर थे, तभी पारस अपने परिजनों के साथ वहां पर पहुंचा। गाली-गलौज करते हुए दुबारा झगड़ा शुरू कर दिया। मारपीट में रमेश कुमार गंभीर रूप से घायल होकर नीचे गिर पड़े। बीच-बचाव करने पहुंचे कमलेश के साथ भी मारपीट की। रमेश को परिजन हॉस्पिटल लेकर गए। वहां पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हत्या की विभिन्न धाराओं में मामलों दर्ज किया है। धोरीमन्ना में मॉर्च्युरी के पास चल रहे धरना स्थल पर पूर्व जिलाध्यक्ष स्वरूपसिंह खारा, भाजपा नेता जयकिशन भादू , भाजपा सुरेश दाधिच, कैशाराम सुथार पहुंचे। परिजन व समाज के लोगों से बात की। परिजनों ने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच, आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग को दोहराया। इनपुट : दिनेश ढाका …………………….. पढ़ें इससे जुड़ी खबर… रुपए लेन-देन को लेकर 2-पक्षों में झगड़ा, एक की मौत:घर के बाहर किया हमला; मुआवजे की मांग को लेकर धरने पर बैठे परिजन रुपए लेन-देन को लेकर दो पक्षों में हुए झगड़े में एक युवक की मौत हो गई। गुस्साए परिजन और समाज के लोग हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी के बाहर धरने पर बैठ गए। परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। (पढ़ें पूरी खबर)