आपसी रंजिश में दो गुटों में जमकर लाठी-डंडे चले। दोनों पक्षों ने ट्रैक्टर और बोलेरो कैंपर से एक-दूसरे को टक्कर मारी। गाड़ियों में तोड़फोड़ की। फायरिंग तक हुई। एक युवक के कंधे में गोली लगी है। उसे जयपुर रेफर किया गया। यह पूरा मामला कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बानसूर का है। घटना की PHOTOS… एक-दूसरे की गाड़ी को मारी टक्कर शनिवार रात करीब 8 बजे बहरोड़ थाना क्षेत्र के पहाड़ी का रहने वाला अनिल गुर्जर सहित 3-4 युवक करीब 3 कैंपर और बोलेरो गाड़ी में सवार होकर निकले थे। दूसरी तरफ से बालाडाभ (बुटेरी) से हिमांशु, बलबीर और संदीप ट्रैक्टर और बाइकों पर सवार होकर आए थे। ये दोनों ग्रुप बुटेरी बस स्टैंड के पास आमने-सामने हो गए। ट्रैक्टर से कैंपर गाड़ियों को टक्कर मारी। लाठी से वार किया और फायरिंग की गई। दोनों पक्षों में आपसी रंजिश के चलते मारपीट हुई है। दोनों पक्षों के खिलाफ पहले से अलग-अलग थाना क्षेत्रों में आपराधिक मामले दर्ज हैं। हमले के दौरान पहाड़ी (बहरोड़) के रहने वाले अनिल गुर्जर के कंधे में गोली लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल कोटपूतली के बीडीएम अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जयपुर रेफर कर दिया। सोमवार को अनिल गुर्जर को जयपुर के निम्स हॉस्पिटल से छुट्टी मिल गई। पहले से ही हैं आपराधिक रिकॉर्ड घटना की सूचना मिलते ही बानसूर डीएसपी मेघा गोयल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। डीएसपी मेघा गोयल ने बताया कि अनिल पर बहरोड़ पुलिस थाने में आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के पास सोमवार को घटना का वीडियो आया है। दोनों पक्षों को लेकर पुलिस जांच में जुटी है। ASI राजकमल ने बताया- अनिल पर बहरोड़ सदर थाने में मारपीट के 6 मामले दर्ज हैं। दूसरे पक्ष के हिमांशु निवासी बुटेरी, बलबीर निवासी बालाडाभ (बुटेरी) और संदीप निवासी मुगलपुर पर बानसूर थाने में एक-एक मारपीट के मामले दर्ज हैं। घटना को लेकर टीम गठित कर दोनों पक्षों में हुई फायरिंग और गाड़ियों में तोड़फोड़ को लेकर जांच की जा रही है।