शुक्रवार रात सरपंच पद के नतीजों के बाद बांदीकुई की 3 ग्राम पंचायतों में मतगणना को लेकर विवाद हो गया। भांडेडा और पीचूपाड़ा पंचायत में रिकाउंटिंग की मांग को लेकर हारे हुए सरपंच प्रत्याशी के समर्थक एसडीएम ऑफिस पहुंच गए। वहीं महुखेड़ा में भी रिकाउंटिंग की मांग पर हंगामा हो गया। सुबह बांदीकुई विधायक भागचंद टाकड़ा और महवा विधायक राजेंद्र मीणा मौके पर पहुंचे। महूखेड़ा में हंगामा, विधायक पहुंचे महूखेड़ा में सरपंच पद का नतीजा देर रात जारी हुआ। इसमें रूबी कंवर विजेता रहीं और रामकली देवी दूसरे नंबर पर रहीं। रामकली देवी के समर्थकों ने मतगणना में फर्जीवाड़े का आरोप लगाते हुए दोबारा गिनती की मांग की। सूचना मिलने पर विधायक भागचंद टांकड़ा और महवा विधायक राजेंद्र मीणा महूखेड़ा पहुंचे और ग्रामीणों के साथ मतदान केंद्र के बाहर बैठकर मामले की जानकारी ली। मौके पर डीएसपी लक्ष्मीकांत शर्मा भी मौजूद है। विधायक और डीएसपी ग्रामीणों से समझाइश में लगे हैं। एसडीएम ऑफिस के बाहर प्रदर्शन पीचूपाड़ा पंचायत में रिकाउंटिंग की मांग को लेकर ग्रामीण एसडीएम कार्यालय पहुंच गए। यहां सरपंच पद की विजेता शीला देवी को 909 और हारने वाली गुड्डी देवी को 907 वोट मिले हैं। हारने वाली गुड्डी देवी के समर्थकों का कहना है कि सिर्फ दो वोटों का अंतर है। मतगणना में फर्जीवाड़ा हुआ है। हमने कई बार दोबारा गिनती की मांग की, लेकिन प्रशासन ने हमारी नहीं सुनी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि रात में मतगणना के दौरान एजेंट को मतपत्र भी नहीं दिखाए गए। दोबारा गणना की मांग को लेकर ग्रामीण सुबह एसडीएम कार्यालय पहुंच गए। फिलहाल एसडीएम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन जारी है। भांडेडा में दोबारा काउंटिंग की मांग भांडेडा में शनिवार सुबह 4 बजे सरपंच पद का नतीजा जारी हुआ। इसमें कांता सैनी को विजेता घोषित किया गया, जबकि मीरा देवी दूसरे नंबर पर रहीं। मीरा देवी के समर्थकों का कहना है कि वह 11 वोट से हारी हैं। उन्होंने कई बार दोबारा मतगणना की मांग की, लेकिन पोलिंग पार्टी ने मतगणना नहीं की। समर्थकों ने पोलिंग पार्टी पर फर्जीवाड़े का आरोप भी लगाया। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी पहुंचे और ग्रामीणों को दूर हटाया। इसके बाद भी ग्रामीण मतदान केंद्र के बाहर बैठकर दोबारा मतगणना की मांग करते रहे।