उनियारा और बनेठा थाना पुलिस ने अपराधों की रोकथाम को लेकर हथियारों और अपराधियों की धरपकड़ की है। दोनों थाने की टीमों पिता पुत्र समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से दस राइफल, छर्रे आदि हथियार जब्त किए है। पुलिस ने बताया कि बाप बेटे को खेत में से और दो अन्य को भी जंगल से गिरफ्तार किया है। ये लोग इन हथियारों को वन्य जीवों का शिकार करने में काम लेते थे। यह कार्रवाई एसपी राजेश मीणा के निर्देशन में उनियारा डीएसपी आकांक्षा चौधरी के नेतृत्व में की है। डीएसपी बोलीं- चलाया है विशेष अभियान उनियारा डीएसपी आकांक्षा चौधरी ने बताया कि इन दिनों हथियारों की धरपकड़ और अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत एसपी राजेश कुमार मीना के निर्देश तो उनकी सर्किल में हथियार रखने वालों का पता लगाया गया। इसमें मुखबिर समेत अन्य स्रोतों का उपयोग किया गया। उन्होंने बताया कि गत दिनों वन्य जीवों का शिकार करने वालों ने ही बनेठा थाना क्षेत्र में पुलिसकर्मी की हत्या की थी,इसलिए भी उनके सर्किल में अवैध हथियारों और अपराधियों की धरपकड़ के लिए तीन चार दिन से कड़े प्रयास किए जा रहे थे। इसमें उनियारा और बनेठा थाना पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने बनेठा थाना क्षेत्र के रूपवास निवासी गड्डुल वाल्मिकी (26) और इसके पिता बाबू लाल वाल्मिकी (55) को गांव के पास खेतों में से सोमवार को गिरफ्तार किया था। वही रूपवास के ही बृजराज सिंह पुत्र उदय सिंह को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा उनियारा थाना पुलिस ने भी नयागांव निवासी रमेश (56) पुत्र कन्हैयालाल मीणा को गिरफ्तार किया । इन्हें आज कोर्ट में पेश किया गया। जहां से चारों को जेल भेज दिया है। उधर, पुलिस की कार्रवाई से गुप्त रूप से वन्य जीवों का शिकार करने के लिए अवैध हथियार रखने वाले इधर उधर भूमिगत से हो गए है। लेकिन पुलिस भी अब उन्हें पकड़ने के लिए अलर्ट मोड पर है। आए दिन दबिश दे रही है। इनपुट: राजेश सेन, बनेठा।