बेंगलुरु घूमने गए पाली के युवक की 3 अप्रैल को पीट- पीटकर हत्या कर दी गई। 2 गाड़ियों में आए करीब 5 बदमाशों ने उसे पहले टक्कर मारी, फिर उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार किए। इसके कारण युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। सोमवार(6 अप्रैल) को परिजन मृतक दलाराम पटेल(27) का शव लेकर पाली लेकर आए, जहां उसके पैतृक गांव दिवांदी में अंतिम संस्कार किया गया। घटना बेंगलुरु(कर्नाटक) के वरथूर थाना इलाके में हुई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि युवक की हत्या आपसी रंजिश के कारण की गई थी। मामले में पुलिस ने कुछ युवकों को हिरासत में लिया है, जिनसे फिलहाल पूछताछ की जा रही है। जानकारी के अनुसार- पाली जिले के रोहट क्षेत्र के दिवांदी गांव निवासी दलाराम पटेल (27) करीब 10 दिन पहले बेंगलुरु घूमने के लिए गया था। 3 अप्रैल की रात करीब साढ़े 10 बजे वह बेंगलुरु के बलदेव रोड पर अपने दो दोस्तों के साथ खड़ा था। तब ही वहां दो कारों में 5 बदमाश आए दलाराम को टक्कर मार दी। दलाराम जैसे ही नीचे गिरा, दोनों गाड़ियों से निकले बदमाशों ने उसके सिर पर सरिये से हमला किया। इसे देखकर युवक के साथ मौजूद दोनों साथी मौके से भाग गए। सूचना पर बेंगलुरु की वरथूर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लहूलुहान हालत में युवक को हॉस्पिटल लेकर गई, जहां ड्यूटी डॉक्टर ने युवक को मृत घोषित कर दिया। घटना को लेकर मृतक के भाई की ओर से संबंधित थाने में रिपोर्ट भी दर्ज करवाई गई थी। फिलहाल मामले की जांच जारी है। घटना से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए - बेंगलुरु घूमने गए पाली के युवक की पीट-पीटकर हत्या:2 कारों में आए बदमाशों ने पहले टक्कर मारी, फिर सरियों से हमला किया