बाड़मेर अणुव्रत समिति बाड़मेर के तत्वावधान में इको फ्रेंडली फेस्टिवल बैनर का विमोचन हुआ। जैन श्री संघ बाड़मेर के अध्यक्ष एडवोकेट अमृतलाल जैन, अणुव्रत समिति के संरक्षक पारसमल गोलछा, समिति अध्यक्ष पवन संखलेचा नमन के नेतृत्व में कार्यक्रम हुआ। अणुविभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रताप सिंह दुग्गड, अणुव्रत समिति बाड़मेर के सोशल मीडिया प्रभारी मुकेश बोथरा भाईपा ने बताया कि अणुव्रत विश्व भारती ने पर्यावरण जागरूकता अभियान के तहत देश भर के तमाम फेस्टिवल इको फ्रेंडली स्वरूप में मनाने का निर्णय किया है। लक्ष्य पर्यावरण की सुरक्षा है। प्रदूषण रोकने की दिशा में प्रयास होंगे। ऊर्जा, बिजली की बर्बादी रोकने का काम होगा। जल संरक्षण पर जोर रहेगा। जल का अपव्यय न हो। इसके लिए जन जागरण का क्रम चलेगा। अभियान में बुद्धिजीवी विद्वानों के साथ चर्चा होगी। कॉलेज, स्कूल के विद्यार्थियों को अधिक जोड़ने का प्रयास रहेगा। नई पीढ़ी अपनी जिज्ञासा रख सकेगी। पर्यावरण हित के काम कर सकेगी। राष्ट्रीय महामंत्री मनोज सिंघवी, पर्यावरण जागरूकता अभियान की राष्ट्रीय संयोजिका डॉ. नीलम जैन ने कहा कि इको फ्रेंडली फेस्टिवल का क्रम वर्ष पर्यन्त चलता रहता है।