सांसद राव राजेंद्र सिंह ने जयपुर में एनएचएआई के क्षेत्रीय अधिकारी और प्रोजेक्ट डायरेक्टर के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने संसदीय क्षेत्र जयपुर ग्रामीण में स्थित राष्ट्रीय राजमार्गों NH-48 (जयपुर-दिल्ली) और NH-148 (मनोहरपुर-दौसा) को लेकर चर्चा की। ब्लैक स्पॉट्स की पहचान की भाजपा जयपुर जिला देहात उत्तर मीडिया प्रभारी सुभाष जोशी ने बताया-बैठक में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर चर्चा हुई। इनमें शाहपुरा बायपास, NH-48 पर शाहपुरा फ्लाईओवर और मनोहरपुर-दौसा नेशनल हाईवे (NH-148) के निर्माण कार्य की स्वीकृति शामिल है। इसके अतिरिक्त, NH-148 और NH-48 पर दुर्घटना संभावित 'ब्लैक स्पॉट्स' की पहचान कर उनके समाधान के लिए फ्लाईओवर निर्माण को भी मंजूरी दी गई। निर्माण कार्य जल्द शुरू करने के निर्देश बैठक में कालवाड़ रोड अंडरपास, सिरसी रोड अंडरपास और निवारू रोड अंडरपास के बीच NH-48 पर एंट्री व एग्जिट के लिए नए कट की स्वीकृति पर भी बात हुई। स्वीकृत 200 फीट चौराहा पर अंडरपास सहित फ्लाईओवर और 14 नंबर अंडरपास के निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए गए। NH-48 पर बानसूर आने-जाने के लिए बानसूर कट पर नए फ्लाईओवर को भी स्वीकृति मिली। इसी तरह, राजकीय उप अस्पताल पावटा, ढाणी गैसकान और घासीपुरा में भी नए अंडरपास या फ्लाईओवर के निर्माण को मंजूरी दी गई। NH-48 पर विभिन्न स्थानों पर जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान पर भी चर्चा हुई। आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी सांगटेडा, मानपुरा माचेड़ी, बाबा बालक नाथ मंदिर (बाबा बालनाथ आश्रम) और लखेर में स्वीकृत व निर्माणाधीन अंडरपास/फ्लाईओवर के कार्यों की प्रगति पर भी विस्तृत चर्चा हुई। इन सभी परियोजनाओं से क्षेत्र के विकास, सुगम आवागमन और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।