बानसूर थाना प्रभारी राजेश यादव को महज 24 घंटे के भीतर ही उनके पद पर दोबारा बहाल कर दिया गया। बुधवार देर शाम उन्हें लाइन हाजिर किया गया था, लेकिन गुरुवार शाम को पुलिस प्रशासन ने आदेश जारी कर उन्हें पुनः बानसूर थाने की कमान सौंप दी। जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह ने बुधवार देर शाम आदेश जारी करते हुए राजेश यादव को लाइन हाजिर किया था। बताया गया कि एक प्रकरण की जांच प्रभावित होने के चलते यह कदम उठाया गया था, जिससे विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे थे। बानसूर डीएसपी मेघा गोयल ने कहा- थानाधिकारी को उच्च अधिकारियों के निर्देश पर ही लाइन हाजिर किया गया था। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की समीक्षा के बाद ही आगे का निर्णय लिया गया। समीक्षा के बाद दोबारा मिली जिम्मेदारी डीएसपी मेघा गोयल ने यह भी बताया कि गुरुवार शाम को उच्च अधिकारियों के निर्देश पर ही राजेश यादव को दोबारा बानसूर थाना प्रभारी के पद पर नियुक्त किया गया। पुलिस प्रशासन ने त्वरित समीक्षा करते हुए यह फैसला लिया, जिससे प्रशासनिक स्तर पर संतुलन बनाए रखा जा सके।