बानसूर में एक गर्भवती महिला और उसके देवर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। बुधवार देर शाम बाइक सवार कुछ युवकों ने दोनों के साथ मारपीट की, जिसमें गर्भवती महिला घायल हो गई। महिला को अस्पताल से घर ले जा रहा था युवक यह घटना बुधवार शाम करीब 7 बजे की है। देवर अपनी गर्भवती भाभी को अस्पताल से दिखाकर घर लौट रहा था। अलवर रोड बाईपास पर साइड लेते समय बाइक सवार अन्य युवकों को हॉर्न बजाने की बात पर विवाद शुरू हो गया। आरोपियों ने फोन कर साथियों को बुलाया विवाद बढ़ने पर बाइक सवार युवकों ने पहले देवर के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद उन्होंने फोन कर अपने साथियों को बुला लिया। कुछ ही देर में एक स्विफ्ट कार और एक अन्य बाइक में सवार 4-5 युवक मौके पर पहुंचे और दोनों के साथ मारपीट की। महिला को धक्का मारकर सड़क पर गिराया पीड़ित युवक ने बताया- मारपीट के दौरान उसकी गर्भवती भाभी के पेट में चोट लगी, जिससे वह सड़क पर गिर गईं और उनकी हालत बिगड़ने लगी। यह पूरी घटना पास की एक दुकान में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है। मारपीट होते देख मौके पर भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद दुकानदारों ने बीच-बचाव कर देवर-भाभी को बचाया। गाड़ियों को मौके पर छोड़कर भागे युवक मारपीट करने वाले युवक अपनी स्विफ्ट कार और बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, घायलों से जानकारी ली और दोनों वाहनों को जब्त कर थाने ले गई। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी है।