बांसवाड़ा के राजतालाब थाना क्षेत्र में शनिवार रात करीब 11 बजे बीएफएल मिल के कर्मचारी शांतिलाल डामोर पर अज्ञात बदमाशों ने हमला कर लूटपाट की। इंडस्ट्रियल एरिया में ड्यूटी के लिए जाते समय बदमाशों ने उन्हें रोका और विरोध करने पर चाकू से तीन वार किए। घटना के बाद आरोपी मोबाइल और नकदी लेकर फरार हो गए। घायल को देर रात महात्मा गांधी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार जारी है और पुलिस जांच कर रही है। रास्ते में घेरकर लूट की कोशिश खांदू कॉलोनी निवासी भावना ने बताया कि उनका भाई शांतिलाल पुत्र शंकर डामोर बीएफएल मिल में कार्यरत है। शनिवार रात करीब 11 बजे वह पैदल अपनी शिफ्ट के लिए मिल जा रहे थे। इंडस्ट्रियल एरिया में मुंह पर रुमाल बांधे बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और डरा-धमकाकर मोबाइल और नकदी छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर चाकू से तीन वार जब शांतिलाल ने विरोध किया तो बदमाशों ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ तीन हमले किए। हमले के बाद वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गए और बदमाश मौके से फरार हो गए। ​सड़क पर पड़े मिले घायल, साथियों ने दी सूचना चाकूबाजी के बाद शांतिलाल सड़क पर लहूलुहान हालत में पड़े रहे। वहां से गुजर रहे मिल के अन्य कर्मचारियों ने उन्हें देखा और तुरंत परिजनों को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें रात करीब 12 बजे हॉस्पिटल लेकर गए। एमजी हॉस्पिटल में भर्ती, हालत स्थिर घायल को महात्मा गांधी हॉस्पिटल के इमरजेंसी वार्ड में प्राथमिक उपचार देने के बाद भर्ती कर लिया गया है। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर है। पुलिस ने शुरू की बदमाशों की तलाश राजतालाब थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। इलाके में संदिग्धों की जानकारी जुटाई जा रही है और घटना की जांच जारी है।