​भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती रविवार को जिले भर में मनाई गई। इस अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा अंबेडकर सर्किल पर जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला कलेक्टर इंद्रजीत यादव और अतिरिक्त जिला कलेक्टर सहित विभिन्न विभागीय अधिकारियों ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। ​इस दौरान कलेक्टर यादव ने बाबा साहेब के सिद्धांतों को जीवन में उतारने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर के विचार केवल पढ़ने के लिए नहीं, बल्कि शिक्षा और आचरण के माध्यम से आत्मसात करने के लिए हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के राज्य स्तरीय कार्यक्रम का वर्चुअल प्रसारण भी दिखाया गया। समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने पर बांसवाड़ा के रमेश चंद्र बलाई को डॉ. अंबेडकर सामाजिक सेवा पुरस्कार से नवाजा गया। ​भाजपा ने वाहन रैली निकाल दी श्रद्धांजलि भाजपा द्वारा बाबा साहेब की जयंती को 'संविधान दिवस' के रूप में मनाया गया। भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित विचार गोष्ठी से पूर्व कार्यकर्ताओं ने वाहन रैली निकाली और अंबेडकर सर्किल पहुंचकर नारेबाजी के साथ पुष्पांजलि अर्पित की। ​विपरीत परिस्थितियों में लिखी संविधान की इबारत: सांसद रावत ​गोष्ठी के मुख्य वक्ता उदयपुर सांसद मन्नालाल रावत ने कहा- बाबा साहेब ने विकट परिस्थितियों में भारतीय संविधान की नींव रखी। वे गरीबों के मसीहा थे, उन्होंने सामान्य परिवार से निकलकर भारत रत्न तक का सफर तय किया। देखें जिले में हुए कार्यक्रम की तस्वीरें… ​ये रहे मौजूद: कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष पूंजीलाल गायरी ने की। इस दौरान पूर्व मंत्री धनसिंह रावत, पूर्व जिलाध्यक्ष भगवत पूरी, एससी मोर्चा अध्यक्ष शांतिलाल बुनकर, जिला महामंत्री किरण जोशी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन किरण जोशी ने किया और आभार डूंगरलाल ने जताया। इससे पूर्व, जयंती की पूर्व संध्या पर कार्यकर्ताओं ने स्मारक स्थल पर स्वच्छता अभियान चलाकर दीपदान भी किया। यह जानकारी प्रवक्ता तपन मेघावत ने दी।