बांसवाड़ा में दो बाइक में आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सिर फटने से बेटे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, वहीं पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और सवार सड़क पर गिरकर लहुलुहान हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। एंबुलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसा गुरुवार सुबह रोहनिया क्षेत्र में सज्जनगढ़ तहसील कार्यालय के सामने हुआ। तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह, बाइक आमने-सामने टकराईं जानकारी के अनुसार हादसा सज्जनगढ़ तहसील के सामने रोहनिया गांव के पास हुआ, जहां दो तेज रफ्तार बाइकें आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बाइक पर सवार तीन लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। बेटे की मौत, पिता की हालत गंभीर हादसे में भूरा कुआं निवासी मनु (26) पुत्र दयाल की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मनु अपने पिता दयाल के साथ बाइक पर सवार था। दुर्घटना में मनु का सिर गंभीर रूप से चोटिल हो गया, जिसे जिला अस्पताल लाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, उसके पिता दयाल गंभीर रूप से घायल हैं। दूसरी बाइक पर सवार मोटा पाड़ा निवासी हितेश भी गंभीर रूप से घायल हुआ है और उसका इलाज जारी है। एंबुलेंस मौके पर पहुंची, अस्पताल में चल रहा इलाज एंबुलेंस ड्राइवर पंकज जाटव ने बताया - सज्जनगढ़ तहसील के पास सड़क हादसे की सूचना मिली थी, जिसके बाद टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को जिला हॉस्पिटल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद मनु को मृत घोषित किया, जबकि अन्य घायलों का इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तीन बेटी और बेटे के सिर से उठा पिता का साया हादसे के बाद मृतक के घर में मातम छा गया है। जानकारी के अनुसार मनु के तीन छोटी बेटियां और एक बेटा है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।