बांसवाड़ा के आबापुरा थाना क्षेत्र में माही नदी में मछली पकड़ने गए तीन दोस्तों की नाव पलट गई। हादसे के बाद दो युवक तैरकर बाहर निकल गए, वहीं एक साथी गहरे पानी में लापता हो गया। सूचना पर पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। घटना मंगलवार रात करीब 10:30 बजे गेमन पुल के पास हुई। बुधवार सुबह 6 बजे से सिविल डिफेंस टीम सर्च कर रही है। दोपहर तक कोई सुराग नहीं मिला। आबापुरा थाना अधिकारी निर्भय सिंह राणावत ने बताया- बिलड़िया का रहने वाला प्रकाश (18) पुत्र विक्रम निनामा अपने दो साथियों के साथ भारी जाल लेकर माही नदी में मछली पकड़ने गया था। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि नाव में अधिक वजन और जाल होने के कारण संतुलन बिगड़ गया और नाव बीच नदी में ही पलट गई। हादसे के बाद नाव में सवार दो साथी निवासी बिलड़िया राजू (21) और लोधा जांगिड़ निवासी महेश (19) किसी तरह तैरकर बाहर निकल आए, लेकिन विक्रम नदी के पानी में डूबने के बाद लापता हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस, रातभर चला सर्च घटना की सूचना मिलने के बाद मंगलवार रात करीब 12 बजे आबापुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। रात में ही स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाशी अभियान शुरू किया गया, लेकिन अंधेरा और गहराई अधिक होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी। 2 घंटे बाद सर्च को रोक दिया गया। सिविल डिफेंस की 12 सदस्यीय टीम जुटी, तलाश जारी बुधवार सुबह करीब 6 बजे सिविल डिफेंस की 12 सदस्यीय टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम नावों और उपकरणों की मदद से नदी के अलग-अलग हिस्सों में सर्च कर रही है। लेकिन अभी तक लापता युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। हादसे की खबर फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। परिजनों में चिंता का माहौल है, जबकि पुलिस और राहत दल लगातार सर्च ऑपरेशन में जुटे हुए हैं।