बांसवाड़ा जिले में अवैध धर्मांतरण और मारपीट के मामलों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन सुदर्शन चक्र-2 के तहत सज्जनगढ़ थाना पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी सोहन रावत को गिरफ्तार कर लिया है। इस चर्चित मामले में पुलिस अब तक 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। शिकायत में लगाए गए थे ये आरोप शिकायतकर्ता रवि भामोर ने 1 मई 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि कलिंजरा क्षेत्र में कुछ लोग जनजातीय वर्ग और हिंदू धर्म के लोगों को बहला-फुसलाकर तथा प्रलोभन देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए सभा आयोजित कर रहे थे। शिकायत में गोकशी की सूचना का भी उल्लेख किया गया था। विरोध करने पर हुआ हमला रिपोर्ट के अनुसार, रवि भामोर अपने साथियों प्रशांत तंवर, लव टेलर, आदिश राणावत और करीब 10 अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि उनके साथ गाली-गलौज की गई और लाठियों, पत्थरों व धारदार हथियारों से हमला किया गया। इस हमले में प्रशांत, लव और आदिश के सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। दबिश देकर पकड़ा गया आरोपी पुलिस ने जांच के दौरान पहले ही नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया था। फरार चल रहे सोहन रावत (41) निवासी कुशलगढ़ की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही थी। कुशलगढ़ थाना पुलिस के सहयोग से सज्जनगढ़ पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। आरोपी की गिरफ्तारी में थानाधिकारी धनपत सिंह के नेतृत्व में महिला उपनिरीक्षक एएसआई नानी, कांस्टेबल अरविंद, देवेंद्र सिंह तथा कुशलगढ़ थाने के कांस्टेबल जितेंद्र और सोहनलाल शामिल रहे।