बांसवाड़ा में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन त्रिनेत्र' और 'ऑपरेशन सुदर्शन चक्र' के तहत आनंदपुरी थाना पुलिस ने मानगढ़ बॉर्डर के पास नाकाबंदी के दौरान एक बोलेरो कार से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब, बीयर और देशी मदिरा जब्त की है। मामले में गुजरात के एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। गश्त पर पकड़ में आई बोलेरो ​डीएसपी बागीदौरा श्याम सिंह के निकटतम पर्यवेक्षण में आनंदपुरी थानाधिकारी कपिल पाटीदार के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा मानगढ़ बॉर्डर एरिया पर सख्ती से गश्त की जा रही थी। इसी दौरान आनंदपुरी की तरफ से आ रही एक संदिग्ध बोलेरो कार को पुलिस टीम ने रोका। ​जब पुलिस ने ड्राइवर से पूछताछ की, तो उसने अपना नाम पीयूष कुमार पिता लाला भाई डिंडोर, निवासी बटक्वाड़ा, थाना संतरामपुर, जिला माहिसागर (गुजरात) बताया। ​सीटों के नीचे छिपा रखी थी शराब ​पुलिस ने जब बोलेरो कार की तलाशी ली तो गाड़ी के अंदर और सीटों के नीचे छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में शराब बरामद हुई। ड्राइवर पीयूष कुमार के पास शराब परिवहन से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज नहीं पाया गया। पुलिस ने राजस्थान आबकारी अधिनियम 1950 की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर अवैध शराब और बोलेरो कार को जब्त कर लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। ​पुलिस ने विभिन्न ब्रांड की कुल 17 कार्टून अवैध शराब बरामद की है। इसे अवैध रूप से गुजरात ले जाया जा रहा था।