बांसवाड़ा जिले में राजस्थान लोक सेवा आयोग की उपनिरीक्षक (SI) भर्ती परीक्षा 21 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा और भारी पुलिस बंदोबस्त के बीच आयोजित की गई। जिले के 7,105 पंजीकृत अभ्यर्थियों में आज सुबह की पारी में 5,124 अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे। प्रशासन ने प्रत्येक केंद्र पर अभ्यर्थियों की गहन तलाशी के बाद ही एंट्री दी गई। कल के मुकाबले बढ़ी अभ्यर्थियों की उपस्थिति सोमवार की सुबह की पारी में 7,105 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 5,124 अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुँचे। कल, यानी 5 अप्रैल को, पहली पारी में 5,031 और दूसरी पारी में 5,003 अभ्यर्थी उपस्थित थे। उपस्थिति में मामूली वृद्धि दर्ज की गई है, जिससे परीक्षा में उम्मीदवारों की भागीदारी उच्च बनी हुई है। एसपी ने सुरक्षा व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने सभी परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा, "जिले के सभी केंद्रों पर सघन चेकिंग चल रही है। अभ्यर्थियों की पहचान एडमिट कार्ड से की जा रही है और मेटल डिटेक्टर से तलाशी ली जा रही है। हमारा मकसद है कि कोई भी डमी कैंडिडेट या अनुचित साधन परीक्षा कक्ष तक न पहुँच पाए।" एसपी ने यह भी बताया कि कल भी कड़ी तलाशी ली गई थी, लेकिन अभी तक कोई संदिग्ध मामला सामने नहीं आया। आस्तीन काटकर हाफ कर दी डायलाब रोड स्थित डॉ. नागेंद्र सिंह विधि महाविद्यालय केंद्र पर एक अभ्यर्थी फुल आस्तीन टी-शर्ट पहनकर आया तो पुलिस ने मौके पर ही उसकी आस्तीन काटकर हाफ कर दी और इसके बाद ही प्रवेश दिया। इसके अलावा, अभ्यर्थियों के जूते बाहर ही खुलवा लिए गए। कानों की बालियां और हाथों में बंधे धार्मिक धागे (कलावा) भी हटा दिए गए। देर से आने वालों को नहीं मिली एंट्री प्रशासन ने समय का सख्ती से पालन भी करवाया। सुबह 10 बजे के बाद पहुंचने वाले कई अभ्यर्थियों को मुख्य द्वार से ही लौटना पड़ा। पूरे परीक्षा आयोजन की सीसीटीवी और वीडियोग्राफी के जरिए हर गतिविधि की निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोका जा सके।