बांसवाड़ा के दानपुर थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर शराब पीकर राहगीरों को परेशान करने और पुलिस से हाथापाई करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। घटना पेट्रोल पंप के सामने जोहार किंग ट्रेवल्स ऑफिस के पास हुई, जहां सूचना पर पुलिस टीम पहुंची। आरोपियों ने पुलिस से अभद्रता की और धमकी दी। कार्रवाई के बाद कुछ लोगों ने थाने में विरोध भी जताया। थानाधिकारी लक्ष्मीचंद वर्मा ने बताया कि इनमें से एक आरोपी पहले भी पुलिस पर हमले की कोशिश कर चुका है और खुद को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त बताकर इलाके में रौब झाड़ता था। ​ट्रावेल्स ऑफिस के पास मचा रहे थे उत्पात ​दानपुर कस्बे में पेट्रोल पंप के सामने ट्रेवल्स ऑफिस के पास कुछ लोग शराब पीकर यात्रियों को परेशान कर रहे थे। सूचना मिलने पर थानाधिकारी लक्ष्मीचंद वर्मा के नेतृत्व में पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर दो युवक भाग गए, जबकि दो को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। ​पुलिस से की हाथापाई, दी धमकी ​पुलिस के अनुसार जब पुलिस ने पकड़े गए युवकों से नाम-पता पूछा, तो वे उलझने लगे। आरोपियों ने पुलिस टीम के साथ हाथापाई की और शोर मचाते हुए कहा कि-पुलिस को सूचना किसने दी, उसे जान से मार देंगे। काफी समझाइश के बाद भी जब वे शांत नहीं हुए, तो पुलिस ने उन्हें बीएनएस की धाराओं के तहत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने संतोष पिता रकमचन्द खड़िया निवासी हरनाथपुरा, दानपुर व राजू पिता नाथु निनामा निवासी हमीरपुरा पठार, प्रतापगढ़ को गिरफ्तार कर लिया है। थानाधिकारी वर्मा ने बताया कि ​जांच में सामने आया कि आरोपी संतोष शातिर प्रवृत्ति का है। इसी साल 15 जनवरी को नाकाबंदी के दौरान भी वह शराब पीकर गाड़ी चलाते पकड़ा गया था और तब भी उसने पुलिसकर्मियों अभद्र व्यवहार किया था। बीएपी ने लगाए पुलिस पर मनमानी कार्यवाही के आरोप वहीं बीएपी के समर्थकों व युवकों के परिजनों ने पुलिस पर मनमानी कार्यवाही का आरोप लगाकर थाने में विरोध जताया था। उनका कहना था कि दोनों युवक टिकिट बुकिंग का कार्य करते हैं, उन्हें बिना किसी आरोप के पुलिस ने पकड़ा है।