बारां में हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर गुरुवार को शहर भक्ति और आस्था में डूब गया। अन्ता विधायक प्रमोद जैन भाया के नेतृत्व में श्रीराम स्टेडियम से 10वीं विशाल पदयात्रा निकाली गई, जिसमें जिलेभर से हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। इस पदयात्रा में जिला प्रमुख उर्मिला जैन भाया, कार्यक्रम संयोजक पानाचंद मेघवाल सहित कई जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। यात्रा जयकारों के साथ शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए श्रीबड़ां बालाजी धाम पहुंची। मार्ग में विभिन्न समाजों और संगठनों ने श्रद्धालुओं का जगह-जगह स्वागत किया। शीतल पेय, शरबत, फल और आइसक्रीम वितरित किए गए, साथ ही पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ाया गया। पदयात्रा मार्ग को केसरिया पताकाओं से सजाया गया था। यात्रा में हाथी पर महामंडलेश्वर विराजमान रहे, जबकि घुड़सवारों की टोलियां और भगवा ध्वज लिए श्रद्धालु आकर्षण का केंद्र बने। हाड़ौती साधु-संत मंडल के 50 से अधिक संतों ने भी भाग लेकर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया। हनुमान, राम दरबार, राधा-कृष्ण, शिव-पार्वती सहित कई आकर्षक झांकियां भी निकाली गईं। प्रताप चौक स्थित बड़े वाले बालाजी मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद यात्रा आगे बढ़ी। पूरे मार्ग में ड्रोन और जेसीबी के जरिए पुष्पवर्षा की गई, जिससे माहौल भक्तिमय बना रहा। श्रीबड़ां बालाजी धाम में विश्व शांति के लिए हवन सहित अन्य धार्मिक आयोजनों के साथ पदयात्रा का समापन हुआ। बालाजी धाम में 108 ब्राह्मणों ने किया अभिषेक और हवन श्रीबड़ां बालाजी धाम पहुंचने के बाद धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विद्वान आचार्यों के सानिध्य में 108 ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विशेष अभिषेक, सुंदरकांड, हनुमान चालीसा और अन्य पाठ किए। इसके साथ ही विधायक प्रमोद जैन भाया ने हवन-पूजन कर विश्व शांति और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। ग्रामीण क्षेत्रों से भी पहुंचे श्रद्धालु जिले के मियाड़ा, कोयला, रायथल, सीसवाली, मांगरोल, सीमली सहित कई गांवों से बड़ी संख्या में पदयात्री इस आयोजन में शामिल हुए। पूरे रास्ते में श्रद्धालुओं के लिए छाछ और पानी की व्यवस्था की गई थी। भक्ति कार्यक्रमों के साथ समापन, जताया आभार बालाजी धाम में महाप्रसादी, संगीतमय सुंदरकांड पाठ और महाआरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। आयोजन में सहयोग देने वाले सभी समाजों, संगठनों और धर्मप्रेमी नागरिकों का विधायक प्रमोद जैन भाया, जिला प्रमुख उर्मिला जैन भाया और संयोजक पानाचंद मेघवाल ने आभार व्यक्त किया।