बारां में कार्यवाहक कलेक्टर भंवरलाल जनागल ने सोमवार को कृषि उपज की समर्थन मूल्य पर खरीद को लेकर अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने सभी खरीद केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं और सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा प्रभावी मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। जनागल ने अपने कक्ष में हुई बैठक में बताया कि इस वर्ष गेहूं की पैदावार पिछले वर्ष से अधिक हुई है। उन्होंने सरकारी लक्ष्य के अनुरूप न्यूनतम समर्थन मूल्य पर उपज की खरीद सुनिश्चित करने को कहा। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि किसानों को खरीद केंद्रों पर उपज बेचने में कोई असुविधा नहीं होनी चाहिए। साथ ही, खरीदे गए गेहूं का त्वरित उठाव और परिवहन सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए ट्रक ऑपरेटरों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखने और प्रतिदिन माल को गोदामों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए। सभी खरीद केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में बारदाना (खाली बोरियां) भी उपलब्ध रखने को कहा गया। बैठक में जिला रसद अधिकारी विश्वजीत सिंह, कृषि विभाग, राजफेड, नेफेड और कृषि मंडी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।