बारां में 11वें आयुर्वेद दिवस के मौके पर एक मुफ्त चिकित्सा शिविर लगाया गया। यह शिविर स्व. बाबू रतनलाल गोठवाल राजकीय आयुर्वेदिक चल चिकित्सा इकाई, सत्संग भवन मार्ग बारां में आयोजित हुआ। शिविर में 0 से 16 साल तक के 180 बच्चों को स्वर्ण प्राशन कराया गया। इसके अलावा, 80 लोगों की शुगर और 20 लोगों की हीमोग्लोबिन की मुफ्त जांच की गई। खांसी-जुकाम, सांस की दिक्कत और पुरानी सर्दी से परेशान 36 मरीजों को सलाह के साथ दवा किट दी गई। बवासीर, मस्सा और भगंदर जैसी बीमारियों से पीड़ित 22 मरीजों की जांच और इलाज किया गया। वहीं, पैरों के फुट कॉर्न, चेहरे के काले तिल और मस्सों के 15 मरीजों का अग्निकर्म से इलाज किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत धन्वंतरि पूजन के साथ हुई। इस पूजन में वैद्य राधेश्याम गर्ग, पूर्व वरिष्ठ आयुर्वेद चिकित्सक, बामला हाउस परिवार के भारत प्रकाश गोठवाल, राजेंद्र नागर, शालिग्राम नागर, धीरेंद्र नागर, जयंत नागर और दूसरे गणमान्य लोग मौजूद थे। इस मौके पर भारत प्रकाश बामला ने अस्पताल के दो पुराने कमरों की मरम्मत और सुधार में हरसंभव मदद का भरोसा दिया। वैद्य राधेश्याम गर्ग ने भी अस्पताल के विकास में सहयोग की बात कही। शिविर में डॉ. अजय सिंह, डॉ. बरखा मेहरा, डॉ. लविशा जैन, डॉ. हरिशंकर मीणा और शिव शंकर नागर समेत अन्य स्टाफ ने अपनी सेवाएं दीं।