बारां में मनीष गौतम उर्फ बिट्टू हत्याकांड के फरार आरोपी कमल गहलोत को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उस पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित था। पुलिस के अनुसार कमल पर हत्या के लिए अन्य आरोपियों को हथियार उपलब्ध कराने का आरोप है। एसपी अभिषेक अंदासु ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एएसपी राजेश चौधरी के सुपरविजन और डीएसपी हरिराम सोनी के नेतृत्व में विशेष टीमें गठित की गई थीं। इन टीमों ने लगातार विभिन्न स्थानों पर दबिश दी, जिसके बाद इनामी आरोपी कमल गहलोत को पकड़ा गया। अन्य आरोपियों की तलाश जारी प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कमल गहलोत ने ही मुख्य आरोपियों वीरेंद्र रघुवंशी और अकुल वाल्मीकि को हत्या के लिए हथियार मुहैया कराए थे। पुलिस अब उससे घटना में प्रयुक्त हथियारों और अन्य फरार आरोपियों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है। इस मामले में पुलिस पहले ही राकेश कुमार उर्फ राहुल और मुकेश यादव को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि 3 बाल अपचारियों को भी डिटेन किया गया था। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त एक कार, दो बाइक और खून से सना चाकू भी जब्त किया था। मामले के शेष फरार आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार करने का दावा कर रही है। इस कार्रवाई में पुलिस टीम में प्रशिक्षु आरपीएस भजनलाल, सीआई हीरालाल पुनिया, एसआई सुरेन्द्र सिंह, डीएसटी टीम से एसआई राजेश, एएसआई परशुराम, हरीश भाटी, आकाश शिन्दे, शाहउद्दीन, अमरचंद और मनीष कुमार शर्मा शामिल रहे।