बारां में भाजपा पार्षदों ने गुरुवार को जिला कलेक्टर बालमुकुंद असावा को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने नगर परिषद के कामकाज में भेदभाव और अनियमितताओं का आरोप लगाया। पार्षदों ने बताया कि विवेकानंद पार्क में खेजड़ी समेत 7 पेड़ों की कटाई हुई थी। जांच में तत्कालीन पार्क प्रभारी और आयुक्त की भूमिका गलत पाई गई, लेकिन सिर्फ ठेकेदार पर एफआईआर हुई। पार्षदों ने दोषी अधिकारियों पर भी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने दीपावली से पहले शहर की व्यवस्थाएं सुधारने की मांग की। इसमें 700 नई रोडलाइटें लगाना, विशेष सफाई अभियान चलाना, कचरा वाहनों को ठीक से चलाना और सड़कों के गड्ढे भरना शामिल है। पार्षदों ने बिना मंजूरी कचरा वाहन चालकों और पेच रिपेयर गैंग को हटाने से व्यवस्था बिगड़ने का आरोप भी लगाया। पार्षदों ने कार्यालय को देर रात तक खोलने और फाइलों में गड़बड़ी की आशंका रोकने की भी मांग की। इसके बाद उन्होंने जलदाय विभाग के एसई से मिलकर अमृत योजना के कनेक्शन जोड़ने और गंदे पानी की समस्या सुलझाने की बात कही।