बारां में कांच व्यापारी के अपहरण और फिरौती कांड के मुख्य आरोपी को सदर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी सैफ अली हुसैन को अवैध देसी कट्टे के साथ पकड़ा गया है। वह घटना के बाद से फरार चल रहा था। एसपी अभिषेक अंदासु ने बताया कि बुधवार रात सदर थानाधिकारी नवल किशोर मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम झालावाड़ रोड पर धोलाकुआ-दिलोदा रोड पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर उसे रोका और तलाशी ली, जिसमें उसके पास से अवैध देसी कट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने ओढ़पुरा निवासी 27 वर्षीय सैफ अली हुसैन पुत्र मोहम्मद उस्मान को गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। एसपी अंदासु ने पुष्टि की कि आरोपी व्यापारी के अपहरण और फिरौती मामले का मास्टरमाइंड है। गिरफ्तार आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। अब कोतवाली थाना पुलिस अपहरण और फिरौती मामले में उसकी गिरफ्तारी के लिए कोर्ट में प्रार्थना पत्र देगी। इसके बाद प्रोडक्शन वारंट के जरिए उसे जेल से गिरफ्तार कर पूछताछ की जाएगी। इस कार्रवाई में एएसआई पुष्पेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल अर्जुनराम, कांस्टेबल कौशल किशोर और मुकेश सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। गौरतलब है कि आरोपी सैफ अली इस पूरे कांड का मुख्य साजिशकर्ता है। उसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। गिरफ्तारी से एक दिन पहले, ओढ़पुरा बस्ती में उसका मकान सरकारी भूमि पर बना पाया गया था। नगर परिषद ने बुधवार को पुलिस जाब्ते की मौजूदगी में दो जेसीबी की मदद से इस अतिक्रमण कर बनाए गए मकान को ढहा दिया था।