बारां कलेक्ट्रेट को गुरुवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। जिला कलेक्टर की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर धमकी भरा मेल मिलने के बाद पूरे कलेक्ट्रेट परिसर को तत्काल खाली करा दिया गया। बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड, सीआईडी, डीएसबी और पुलिस की संयुक्त टीमों ने घंटों तक सघन तलाशी ली, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। फिलहाल साइबर सेल ई-मेल भेजने वाले की पहचान में जुटी है। सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हुईं सक्रिय धमकी की सूचना मिलते ही सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू कर कलेक्ट्रेट परिसर को खाली कराया गया और आम लोगों की आवाजाही रोक दी गई। मौके पर बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड, सीआईडी, डीएसबी और स्थानीय पुलिस की टीमें पहुंचीं। एहतियात के तौर पर दमकल और एम्बुलेंस भी तैनात की गईं। घंटों चली तलाशी, कुछ नहीं मिला सुरक्षा एजेंसियों ने कई घंटे तक पूरे कलेक्ट्रेट परिसर की बारीकी से जांच की। तलाशी अभियान के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। प्रारंभिक जांच में इसे फर्जी धमकी (हॉक्स) माना जा रहा है। एएसपी ने क्या कहा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सौरभ तिवारी ने बताया कि सुबह जिला कलेक्टर की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर धमकी भरा संदेश मिला था। निर्धारित सुरक्षा गाइडलाइन के तहत तत्काल परिसर खाली कराया गया। उन्होंने कहा कि सीआईडी, डीएसबी और अन्य एजेंसियों ने जांच की है तथा अब तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। साइबर सेल ई-मेल के स्रोत और भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है। तीसरी बार मिली धमकी बारां कलेक्ट्रेट को इससे पहले भी दो बार बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। उन दोनों मामलों में भी व्यापक तलाशी के बावजूद कोई विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई थी। लगातार तीसरी बार मिली धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियां मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी पहलुओं की जांच कर रही हैं। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।