कार्यवाहक कलेक्टर के निरीक्षण के अगले दिन गुरुवार को विधायक राधेश्याम बैरवा ने बारां जिला अस्पताल का दौरा किया। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया, जहां उन्हें कई अव्यवस्थाएं मिलीं। निरीक्षण के दौरान विधायक ने गंदे टॉयलेट्स और महीनों से न बदली गई बेडशीट्स पर अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इन टॉयलेट्स की बदबू इतनी तेज है कि कोई भी बेहोश हो सकता है। विधायक ने इस स्थिति को बजट उपलब्ध होने के बावजूद गंभीर लापरवाही बताया। विधायक बैरवा ने यह भी पाया कि पिछले साल उपलब्ध कराए गए कई कूलर अब तक वार्डों में नहीं लगाए गए हैं। इससे मरीजों को गर्मी में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल इन कमियों को सुधारने के निर्देश दिए। सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरतने पर विधायक ने संबंधित ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल की सभी व्यवस्थाओं को जल्द से जल्द दुरुस्त करने को कहा, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। इस संबंध में सीएमएचओ डॉ. संजीव सक्सेना ने बताया कि निरीक्षण में अस्पताल की सफाई व्यवस्था खराब पाई गई और बेडशीट्स भी गंदी मिलीं। उन्होंने आश्वासन दिया कि लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और व्यवस्थाओं में जल्द सुधार किया जाएगा।