बारां शहर के कोटा रोड स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक शोरूम में मंगलवार देर रात चोरी की वारदात हुई। अज्ञात चोर शोरूम से करीब दो लाख रुपए नकद, तीन मोबाइल फोन और एक लैपटॉप चुरा ले गया। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। शोरूम मालिक कुश तनेजा ने बताया कि रात को शोरूम बंद कर वे घर चले गए थे। अगली सुबह शोरूम खोला तो काउंटर पर सामान अस्त-व्यस्त पड़ा मिला। काउंटर में रखी नकदी, मोबाइल और लैपटॉप गायब थे। शुरुआती जांच में शोरूम के मुख्य गेट और सबसे ऊपरी मंजिल के गेट सही सलामत पाए गए। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पता चला कि एक अज्ञात युवक पास की बिल्डिंग से होकर बाहर लगी डिजाइन कटिंग के रास्ते शोरूम की तीसरी मंजिल में घुसा था। वारदात का पता चलने पर शोरूम मालिक ने कोतवाली थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।